धर्मगुरु सैयदना मुफद्दल सैफुद्दीन
- फोटो : सोशल मीडिया
बोहरा समाज के 53वें धर्मगुरु सैयदना आलि कदर मुफद्दल सैफुद्दीन गुरुवार दोपहर बड़वाह पहुंचे। नगर में 53वें दाई मुफद्दल सैफुद्दीन का यह पहला आगमन है। समाज के महिला और पुरुष वर्ग ने उत्साहपूर्वक उनकी अगवानी की। धर्मगुरु कृषि उपज मंडी के सामने स्थित हाजी नोमान अली के निवास स्थान पहुंचे। समाज के प्रतिनिधियों के अनुसार, उनके ठहरने की व्यवस्था इसी मकान में की गई है।
सैयदना सैफुद्दीन निर्धारित कार्यक्रम के तहत शाम के समय समाज के लोगों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों से मुलाकात करेंगे। समाजजनों ने बताया कि वर्ष 1960 में 51वें दाई सैयदना ताहिर सैफुद्दीन नगर आए थे। इस प्रकार करीब 66 वर्षों के लंबे अंतराल के पश्चात बोहरा समाज के किसी धर्मगुरु का बड़वाह में आगमन हुआ है।
भव्य सजावट और धार्मिक आयोजन
सैयदना साहब के आगमन को लेकर बोहरा समुदाय पिछले कई दिनों से तैयारियों में लगा हुआ था। समाज के सदस्यों के अनुसार, नगर की गोल बिल्डिंग से लेकर सराफा बाजार तथा आसपास के व्यावसायिक और आवासीय क्षेत्रों में विशेष रोशनी और सजावट की गई है। स्थानीय लोगों ने अपने घरों पर भी रंग-बिरंगी लाइटें लगाई हैं। समाज के प्रतिनिधियों ने जानकारी दी कि बड़वाह प्रवास के दौरान मजलिस आयोजित की जाएगी, जिसमें धार्मिक तथा सामाजिक विषयों पर प्रवचन होंगे। इसके अतिरिक्त धर्मगुरु समाजजनों के घरों में जाकर उनसे व्यक्तिगत भेंट भी करेंगे।
13 नवंबर तक नगर में प्रवास
आयोजकों के मुताबिक, धर्मगुरु की उपस्थिति में समाज के युवाओं के निकाह संपन्न होने की भी संभावना है। श्रद्धालुओं ने बताया कि वे लंबे समय से धर्मगुरु के आगमन की प्रतीक्षा कर रहे थे। सैयदना साहब 13 नवंबर तक नगर में ही रहेंगे और विभिन्न सामाजिक तथा धार्मिक कार्यक्रमों में भाग लेंगे।