मध्यप्रदेश में भाजपा के एक मंत्री ने महंगाई की समस्या के लिए देश के प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू और आजादी के दिन लाल किले से दिए गए उनके भाषण को जिम्मेदार ठहराया है। उन्होंने कहा कि महंगाई की समस्या एक या दो दिन में पैदा नहीं हुई बल्कि अर्थव्यवस्था 15 अगस्त 1947 को लाल किले से जवाहरलाल नेहरू के भाषण की गलतियों के साथ नीचे जाने लगी।
सीएम शिवराज सरकार में चिकित्सा शिक्षा मंत्री विश्वास सारंग कांग्रेस की ओर से महंगाई और दूसरे मुद्दों पर किए गए प्रदर्शन को लेकर अपनी प्रतिक्रिया दे रहे थे। सारंग ने भोपाल में पत्रकारों से बात करते हुए कहा कि आजादी के बाद भारतीय अर्थव्यवस्था को पंगु बनाकर महंगाई बढ़ाने का श्रेय यदि किसी को जाता है, तो वह है नेहरू परिवार।
भाजपा नेता ने कहा कि महंगाई एक या दो दिन में नहीं बढ़ती है। अर्थव्यवस्था की नींव एक या दो दिन में नहीं पड़ती है। देश की अर्थव्यवस्था 15 अगस्त 1947 को लाल किले से जवाहरलाल नेहरू के द्वारा दिए गए भाषण की गलतियों की वजह से अर्थव्यवस्था बिगड़ने लगी। उन्होंने कहा कि दूसरी तरफ मोदी सरकार ने पिछले 7 साल में कई गुना अर्थव्यवस्था को मजबूती दी है।
मंत्री ने कहा कि भाजपा सरकार ने गरीबों के कल्याण और अर्थव्यवस्था में उनकी सहभागिता के लिए योजनाएं लागू की हैं। कांग्रेस के शासनकाल में अर्थव्यवस्था कुछ उद्योगपतियों के हवाले थी।
मंत्री ने दावा करते हुए कहा कि भाजपा के शासन में महंगाई कम हुई है और लोगों की आमदनी बढ़ी है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को 10 जनपथ के सामने प्रदर्शन करना चाहिए।