मुरैना जिले के चंबल में एक लाख के इनामी डकैत केशव गुर्जर गैंग ने दरमियानी रात 50 आदिवासी परिवारों से टेरर टैक्स एक-एक हजार रुपये का चंदा लगाया है। बताया जा रहा है कि हथियारबंद बदमाशों ने लोगों को धमकी दी है कि पुलिस से शिकायत की तो ऐसे लोगों को गांव में रहने नहीं दिया जाएगा और उन्हें गोली से उड़ा दिया जाएगा।
गांव के लोगों ने बताया, मंगलवार रात लगभग 1 बजे 10 हथियारबंद बदमाश मरा गांव में आए। उनमें से छह के पास बंदूक थीं। बदमाशों ने लोगों को जगाकर गांव के बाहर बुलाया। बदमाशों के मुखिया ने खुद का परिचय देते हुए कहा, वह राजस्थान का फरार डकैत केशव गुर्जर है। हर घर से दो-दो हजार रुपये का चंदा इकट्ठा करके दें। अन्यथा तीन दिन बाद गांव में मौत नाचेगी। बदमाशों की धमकी के चलते रात में ही 50 आदिवासी परिवारों ने टेरर टैक्स के रूप में एक-एक हजार रुपये का चंदा कर बदमाशों के हवाले किया।