राजस्थान में भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा को धमकी मिलने के बाद अब एक और विधायक को धमकी मिलने से हड़कंप मच गया। इस बार धमकी भरा पत्र नागौर सांसद हनुमान बेनीवाल के भाई आरएलपी विधायक नारायण बेनीवाल को मिला है। उन्हें भेजे गए पत्र में उनकी चोरी हुई कार का जिक्र करते हुए लिखा है कि 'देखते है अब कितने दिन तुम अपनी ओर अपने परिवार की हिफाजत कर पाते हो।' खींवसर से विधायक नारायण बेनीवाल को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद उनकी सुरक्षा बढ़ा दी गई हैं।
विधायक नारायण बेनीवाल को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद नागौर एसपी राममूर्ति जोशी सहित जिले के आला अधिकारी उनके आवास पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आसपास लगे सीसीटीवी की फुटेज खंगाली जा रही है। दरअसल, धमकी भरा पत्र विधायक के नागौर स्थित आवास पर भेजा गया है। विधायक नारायण ने सबसे पहले इसकी जानकारी अपने भाई सांसद हनुमान बेनीवाल को दी।
यह दी गई धमकी
विधायक को धमकी भरा पत्र मिलने के बाद पुलिस ने गंभीरता के साथ पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। भेजे गए पत्र में लिखा है कि 'गाड़ी गायब होने वाले दिन से तुम्हारा उल्टा समय चालू हो गया है, अब अगर बचा सको तो बचा लेना जल्दी काम तमाम करेंगे, देखते है अब कितने दिन तुम अपनी ओर अपने परिवार की हिफाजत कर पाते हो'।
लॉरेंस विश्नोई का भी किया गया जिक्र
आरएलपी के विधायक नारायण बेनीवाल को मिले धमकी भरे पत्र में लॉरेंस बिश्नोई का जिक्र भी किया गया है। इस पत्र में JAY SOPU लिखा है, इस संगठन से लॉरेंस बिश्नोई जुड़ा हुआ है।
SOPU नाम का छात्र संगठन लोरेंस बिश्नोई का है।
सांसद किरोड़ी लाल मीणा को मिली है धमकी
भाजपा सांसद किरोड़ी लाल मीणा को भी इससे पहले धमकी भरा पत्र मिला है। यह पत्र दिल्ली स्थित उनके सरकारी निवास पर डाक के जरिए भेजा गया है।