महामृत्युंज मंत्र का जप करते भाजपा प्रदेशाध्यक्ष।
- फोटो : सोशल मीडिया
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सुरक्षा में हुई चूक के मामले में अब भाजपा ने नया शिगुफा छेड़ दिया है। मप्र के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और भाजपा प्रदेशाध्य़क्ष वीडी शर्मा महामृत्यंजुय मंत्र का जाप कर रहे हैं।
मुख्यमंत्री चौहान ने गुरुवार को भोपाल के लालघाटी स्थित गुफा मंदिर में महामृत्युंजय जाप शुरू किया। इसी तरह भाजपा प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा उज्जैन पहुंचे। यहां महाकालेश्वर मंदिर पहुंचकर महामृ्त्यंजय का जाप शुरू किया। मंदिर में उनके साथ उच्च शिक्षा मंत्री मोहन यादव समेत अन्य भाजपा नेता भी थे। प्रदेशाध्यक्ष शर्मा ने आचार्य के सान्निध्य में जंप का संकल्प लिया और पूजन अर्चन कर जप शुरू किया। उल्लेखनीय है कि बुधवार को पंजाब में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का फिरोजपुर में दौरा था। भारी बारिश के कारण पीएम को सड़क मार्ग से जाना पड़ा लेकिन इस दौरान हुसैनीवाला से 30 किलोमीटर दूर रास्ते में प्रदर्शनकारी मिल गए जिस कारण उनका काफिला तकरीबन 20 मिनट बेहद असुरक्षित क्षेत्र में रुका रहा। जिस इलाके में पीएम मोदी का काफिला रुका था, वह आतंकियों के अलावा हेरोइन तस्करों का गढ़ माना जाता है। पिछले साल सितंबर माह में इसी क्षेत्र में आतंकी वारदात को अंजाम दिया गया। सुरक्षा कारणों की वजह से प्रधानमंत्री के फिरोजपुर के कार्यक्रमों को रद्द कर दिया गया। उनका काफिला बठिंडा एयरपोर्ट पर लौट आया। केंद्र ने पंजाब सरकार से इस घटना की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है। बठिंडा एयरपोर्ट पर प्रधानमंत्री ने पंजाब सरकार के अफसरों से कहा, ''अपने सीएम को थैंक्स कहना कि मैं बठिंडा एयरपोर्ट तक जिंदा लौट पाया।''