सार
Burhanpur: मध्य प्रदेश के बुरहानपुर में सोमवार देर रात करीब 12 बजे अवैध रेत उत्खनन कर रहे लोगों को पकड़ने गई माइनिंग टीम पर खनिज माफियाओं ने हमला कर दिया। खनिज माफियाओं ने पहले तो माइनिंग टीम के साथ हाथापाई की, जिसके बाद उनकी वर्दी तक छीनने और फाड़ने की कोशिश की। यही नहीं माइनिंग टीम की गाड़ियों पर भी हमला कर उन्हें भी नुकसान पहुंचाने की कोशिश की गई।
खनिज माफिया ने देर रात सरकारी अमले पर किया हमला
- फोटो : अमर उजाला
बुरहानपुर जिले के खनिज निरीक्षक गोविंद पाल ने देर रात करीब 12 बजे कुछ अवैध रेत उत्खनन कर्ताओं के खिलाफ शाहपुर थाने में लिखित शिकायत की है। अपनी शिकायत में उन्होंने बताया है कि वह रेत के अवैध उत्खनन की सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे थे। जहां शाहपुरा रोड पर कालू शाह बाबा की दरगाह के पास स्थित घाट से अवैध रेत उत्खनन किया जा रहा था। जिसके बाद उन्होंने वहां खड़ी 2 ट्रैक्टर ट्राली जब्त कर ली, लेकिन इसी बीच 5-6 लोगों ने गाड़ी छुड़ाने के लिए उनके स्टाफ पर हमला कर वर्दी छीनने का प्रयास किया और उनके साथ मारपीट की।
हाथापाई कर छीनने लगे सरकारी वर्दी
इस पूरी घटना को लेकर खनिज निरीक्षक गोविंद पाल ने बताया कि हम लोगों को अवैध परिवहन होने की सूचना मिली थी, जिसपर हम गश्त के लिए निकले थे। उन्होंने बताया कि जैसे ही वे लोग कालू शाह बाबा वाले घाट पर गए, तो वहां दो ट्रैक्टर अवैध रेत भरते हुए मिले। जिसमें से एक तो खाली कर दिया गया था और दूसरा भरा हुआ मिला। जिसके बाद ट्रैक्टर को जब्त कर सड़क तक लेकर आ रहे थे, लेकिन तभी घात लगाकर बैठे कुछ माफियाओं ने अचानक से हमला कर दिया। जिसके बाद ट्रैक्टर छुड़ाकर ले जाने के लिए वह लोग हाथापाई करने लगे। हाथापाई करते हुए उन्होंने वर्दी भी फाड़ी दी।
लगभग पांच से अधिक थे हमलावर
खनिज निरीक्षक गोविंद पाल ने बताया कि वे लोग चार-पांच लोग थे और उनके साथी लोग भी थे। इसके साथ ही सरकारी अमले को इस हाथापाई के मामले में चोट लगने की बात पर बताते हुए निरीक्षक पाल ने बताया कि अंदरूनी चोटें आई है, लेकिन बाहर तो चोट नजर नहीं आ रही है।
पहले भी कर चुके हैं हमला
निरीक्षक गोविंद पाल ने बताया कि यह वही लोग हैं, जिन्होंने पिछली बार भी इनके साथ सुखपुरी क्षेत्र में भी ऐसा ही किया था। जिसकी एफआईआर भी उन्होंने शाहपुर थाने में दर्ज कराई थी। फिलहाल उनके दोनों ट्रैक्टर होमगार्ड कैंपस में लाकर खड़े कर दिए गए हैं और अब आगे की कार्रवाई की जाएगी।