शहर में आग लगने की दो अलग-अलग घटनाओं ने लोगों में चिंता बढ़ा दी है। नवीन सिविल अस्पताल भवन के पास स्थित पुराने क्रिश्चियन बंगले में सोमवार को भीषण आग लग गई। आग की लपटें दूर से दिखाई देने लगीं, जिससे इलाके में अफरा-तफरी मच गई।
बताया जा रहा है कि यह बंगला अस्पताल भवन से सटा हुआ है। राहत की बात यह रही कि अस्पताल अभी संचालित नहीं हो रहा है, अन्यथा बड़ा हादसा हो सकता था। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार मौके पर फायर ब्रिगेड के पहुंचने में देरी की बात भी सामने आई है।
ये भी पढ़ें: Indore News: शादी की शॉपिंग बनी आखिरी सफर, बेकाबू वाहन ने उजाड़ दी एक और गृहस्थी
वहीं दूसरी घटना संजीत रोड स्थित खेड़ा काल्याखेड़ी गांव की है, जहां बिजली लाइन में फॉल्ट होने से आग भड़क गई। रोड लाइट से निकली चिंगारी पास में रखे सूखे घास (सुखला) पर गिर गई, जिससे आग तेजी से फैल गई। आग रहवासी घरों के काफी नजदीक पहुंच गई थी और बड़ा नुकसान होने की आशंका बन गई थी। हालांकि ग्रामीणों ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत मोर्चा संभाला और पानी, मिट्टी व अन्य संसाधनों की मदद से आग पर काबू पा लिया। उनकी तत्परता से बड़ा हादसा टल गया।
इस घटना के बाद बिजली विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल उठने लगे हैं। लगातार मेंटेनेंस की कमी के चलते ऐसे फॉल्ट बढ़ रहे हैं, जो गर्मी के मौसम में बड़े खतरे का कारण बन सकते हैं। फिलहाल दोनों मामलों में प्रशासनिक कार्रवाई और जांच की प्रतीक्षा की जा रही है।