आरोपी आसिफ की मां ने सीबीआई जांच की मांग की
आरोपी आसिफ की मां ने सीबीआई जांच की मांग की है। उन्होंने कहा कि मेरा विश्वास है कि आसिफ निर्दोष है। सीबीआई जांच में यदि मेरा बेटा दोषी पाया जाता है कि तो उसे कड़ी से कड़ी सजा दी जाए।
जब तक दरिंदों को फांसी नहीं दी जाती चैन नहीं : शिवराज
हरिद्वार पहुंचे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जब तक दोषियों को फांसी नहीं दे दी जाती तब तक मैं चैन से नहीं बैठूंगा। पीड़िता मेरी बेटी जैसी है। मैं दिन में कई बार उसकी सेहत के बारे में जानकारी लेता हूं।
खून से सना चाकू बरामद
मंदसौर के एसपी (सिटी) राकेश मोहन शुक्ला ने रविवार को बताया कि आरोपियों के डीएनए सेंपल परीक्षण के लिए भेजे गए हैं और खून से सना हुआ चाकू, पीड़िता का स्कूल बैग सहित अन्य चीजें बरामद कर ली गई हैं।
तेजी से जांच के लिए एसआईटी गठित
राकेश मोहन शुक्ला के मुताबिक, मामले की तेजी से जांच पूरी करने के लिए विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन कर दिया गया है। उन्होंने यह भी बताया कि मामले की 70 फीसदी जांच पूरी कर ली गई है।
पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये की मदद
मंदसौर के जिला कलेक्टर ओ. पी. श्रीवास्तव ने बताया कि मुख्यमंत्री के विवेकाधीन कोष से शनिवार को पांच लाख रुपये पीड़िता के पिता के बैंक खाते में स्थानांतरित कर दिए गए ताकि परिवार को तात्कालिक आर्थिक मदद मिल सके। सहायता राशि के तौर पर पांच लाख रुपये की दूसरी किस्त सोमवार को जमा कर दी जाएगी।