राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित होने के बाद राज्यसभा सांसद व भाजपा किसान मोर्चा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बंशीलाल गुर्जर का शनिवार को पहली बार गृहनगर आगमन हुआ। यहां सर्किट हाउस पर भाजपा नेताओं कार्यकर्ताओं ने गुर्जर की अगवानी की। उसके बाद वे भगवान पशुपतिनाथ मंदिर पहुंचे, जहां सपत्नीक भगवान पशुपतिनाथ का पूजन अभिषेक किया। तत्पश्चात स्वागत रैली निकाली गई, जो नगर के प्रमुख मार्ग से होती हुई संजय गांधी उद्यान पहुंची। यहां सभा के बाद समापन किया गया।
भाजपा के केंद्रीय नेतृत्व के द्वारा मध्यप्रदेश के राज्यसभा चुनाव हेतु मंदसौर जिले के कद्दावर भाजपा नेता बंशीलाल गुर्जर को नामांकित करने एवं उनके निर्विरोध निर्वाचित होने के उपरांत प्रथम बार मंदसौर आगमन पर नगर के गणमान्य नागरिकों, भाजपा कार्यकर्ताओं, व्यापारिक संस्थाओं एवं सामाजिक संगठनों द्वारा भव्य स्वागत किया गया। जनप्रतिनिधियों की गरिमामय उपस्थिति में गुर्जर के राज्यसभा सांसद चुने जाने पर स्वागत रैली भी निकाली गई। स्वागत रैली में बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिकगण एवं भाजपा कार्यकर्तागण शामिल हुए। स्वागत रैली के पूर्व भगवान श्री पशुपतिनाथ महादेव मंदिर में बंशीलाल गुर्जर ने सपत्निक भगवान श्री पशुपतिनाथ का पूजन अर्चन एवं जलाभिषेक किया।
उन्होंने इस दौरान परिसर में स्थित श्री तापेश्वर महादेव मंदिर व श्री सहस्त्र शिवलिंग मंदिर में भी भगवान शिव की पूजा अर्चना की। इसके उपरांत मेनपुरिया चौराहा से गुर्जर के स्वागत हेतु विशाल रैली निकाली गई। इस रैली का नगर के मुख्य मार्गों पर भव्य स्वागत किया गया। मेनपुरिया चौराहा से प्रारंभ हुई यह रैली चन्द्रपुरा मुख्य मार्ग पशुपतिनाथ मंदिर चौराहा, प्रतापगढ़ पुलिया, मंडी गेट, सदर बाजार, घंटाघर, भारत माता चौराहा गांधी चौराहा, बीपीएल चौराहा, महाराणा प्रताप चौराहा होते हुए स्वागत रैली संजय गांधी उद्यान पहुंचकर सभा में परिवर्तित हुई। यहां भी भाजपा के नेताओं व कार्यकर्ताओं ने मंच पर गुर्जर का स्वागत किया।
बंशीलाल गुर्जर ने इस अवसर पर कहा कि मुझे राज्यसभा चुनाव में भाजपा के केन्द्रीय नेतृत्व ने उम्मीदवार बनाकर जो मुझे किसानों की आम जनता की सेवा करने का अवसर दिया है। उसके लिये मैं उनका आभारी हूं। साथ ही मंदसौर नीमच सहित पूरे मालवा अचल के भाजपा कार्यकर्ताओं के प्रति भी आभारी हूं, जिन्होंने समय-समय पर मेरा मागदर्शन किया और मुझे जीवन में संघर्ष करने की प्रेरणा दी। आज मैं आपको विश्वास दिलाता हूं कि मैं आपके विश्वास पर खरा उतरने का पूरा-पूरा प्रयास करूंगा। मेरा आपसे आग्रह है कि मुझे समय-समय पर मार्गदर्शन देते रहें। ताकि मैं संसद में मंदसौर व मालवांचल की जो भी मांगे हैं, उन्हें उठाता रहूं।
आंदोलनकारी किसान नेता मुद्दों को व्यवहारिक धरातल पर परखते हुए सरकार के सामने रखें
मीडिया से चर्चा करते हुए बंशीलाल गुर्जर ने कहा कि किसानों का जो आंदोलन है, उसका टाइमिंग उनके मुद्दे और उन मुद्दों की गहराई उन सबको परखे बिना किसान आंदोलन देश में हो रहा है। हमारी सरकार लगातार कह रही है, अर्जुन मुंडा भी लगातार कह रहे हैं कि बैठकर बात करें और बातचीत के आधार पर जो भी आपके मुद्दे हैं, उनका समाधान करते हैं। सरकार हमेशा किसानों से बात करने के लिए तैयार है और बातचीत के माध्यम से ही समस्याओं का समाधान हो सकता है। मैं ये बताना चाहता हूं कि मोदी जी ने जिन मुद्दों पर ये किसान संगठन आंदोलन कर रहे हैं, उन मुद्दों पर बहुत पहले से काम किया है और 2017 से लगातार भाजपा सरकार बजट प्रावधान कराए हुए एमएसपी पर खरीदी की व्यवस्था कर रही है।
उन सारे मुद्दों पर हमारी सरकार बहुत अच्छे से काम कर रही है और नरेंद्र मोदी जी ने तो कहा ही है कि मैं देश में केवल चार जाति मानता हूं, जिनमें किसान, युवा, महिला और गरीब इन सबके जीवन में खुशियां आए। इनके जीवन में बदलाव आए उसके लिए काम कर रही है हमारी सरकार। इसलिए किसान आंदोलन के आंदोलन कारियों से भी हम निवेदन करना चाहते हैं कि उनके जो मुद्दे हैं, उन मुद्दों को व्यवहारिक धरातल पर परखते हुए सरकार के सामने रखें और समाधान करवाएं।आंदोलनकारी किसानों पर हुए लाठीचार्ज को लेकर गुर्जर ने कहा कि लाठी चार्ज जैसा तो कुछ हुआ नहीं है। लेकिन सरकार को कानून व्यवस्था भी बनाए रखनी होती है और देश के लोगों और आंदोलनकारियों की भी सुरक्षा करना होती है, उस निमित्त जो व्यवस्था है, वो व्यवस्था है।
मंदसौर के विकास पर गुर्जर ने कहा कि सांसद सुधीर गुप्ता जी मेरे साथ ही हैं और हम एक और एक मिलाकर 11 हो गए हैं। कुल मिलाकर के मंदसौर संसदीय क्षेत्र सहित पूरे मालवांचल का और देश का अच्छे से अच्छा विकास हो, इसके लिए हम मिल कर के काम करेंगे।