मंडला जिले के अंजनिया चौकी क्षेत्र में 12 वर्षीय मूक-बधिर नाबालिग से दुष्कर्म का गंभीर मामला सामने आया है। पुलिस ने मामले में 45 वर्षीय पड़ोसी को गिरफ्तार कर मंगलवार को न्यायालय में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।
घर पर नाबालिग को अकेली पाकर पड़ोसी ने किया दुष्कर्म
पुलिस के अनुसार, घटना सात अगस्त की शाम की है। नाबालिग उस समय घर में अकेली थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला आरोपी घर में घुस आया और नाबालिग के साथ दुष्कर्म किया। इसी बीच बच्ची की मां घर पहुंच गई। मां को देखकर आरोपी मौके से फरार हो गया। पीड़िता की मां ने अंजनिया चौकी पहुंचकर पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर पुलिस ने उसी रात आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया। इसके बाद पुलिस ने आरोपी की तलाश शुरू की और 11 अगस्त को उसे गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के मुताबिक, आरोपी और पीड़ित परिवार एक ही गांव में रहते हैं। आरोपी का घर नाबालिग के घर के सामने ही बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
ये भी पढ़ें-
पन्ना में मजदूर की किस्मत चमकी: 17 कैरेट का नायाब हीरा मिला, कीमत 50 लाख से ज्यादा; 7 पार्टनरों में बंटेगी रकम
एसपी राजेश रघुवंशी ने क्या बताया?
मंडला एसपी राजेश रघुवंशी ने बताया कि अंजनिया चौकी क्षेत्र में कुछ दिन पहले यह घटना हुई थी। नाबालिग के घर में अकेले होने के दौरान आरोपी घर में घुसा और उसके साथ गलत काम किया। इसी दौरान बच्ची की मां घर पहुंची, जिसे देखकर आरोपी भाग गया। एसपी ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी करीब 45 वर्ष का है और उसी गांव में पीड़ित परिवार के सामने रहता है।