नागिन डांस करते हुए शख्स की जान चली गई
- फोटो : Twitter
मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना घटी है। यहां एक व्यक्ति नागिन डांस करते हुए सिर के बल गिर गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मृतक की पहचान दुरुचरण ठाकुर के तौर पर हुई है। मशहूर नागिन डांस में एक व्यक्ति सांप की तरह डांस करता है जबकि उसका साथी सपेरा बनकर बीन बजाता है ताकि उसे अपने वश में कर सके।
यह घटना शुक्रवार को उस समय घटित हुई जब बप्पा के भक्त उनकी विसर्जन यात्रा को धूमधाम से मना रहे थे। इसी बीच बहुत से लोगों ने डीजे से नागिन धुन बजाने को कहा और वे उसपर थिरकने लगे। इस दौरान साड़ी पहने हुए एक स्थानीय युवक वहां आया और उसने डांस करना शुरू कर दिया और ठाकुर उसके सपेरे बन गए।
वीडियो में साफ दिख रहा है कि दोनों ही डांस का काफी आनंद उठा रहे थे कि थोड़ी देर बाद ठाकुर ने जमीन पर छलांग मारी। वह लड़खड़ाए लेकिन फिर दोबारा डांस करना शुरू कर दिया। दूसरी बार वह सिर के बल जोर से नीचे गिरे। जिससे उनके सिर पर चोट लगी और वह वहां गिर गए।
उनके दोस्तों को लगा कि वह डांस करते हुए थककर गिरे हैं। जब उन्होंने किसी तरह की प्रतिक्रिया नहीं दी तो लोगों को अहसास हुआ कि उनकी मौत हो गई है। कार्यक्रम में मौजूद एक स्थानीय वीडियोग्राफर ने पूरी घटना को कैमरे में कैद कर लिया। मृतक के पिता का कहना है कि उसे हाल ही में सड़क हादसे में चोट लगी थी और कुछ चोटें सिर पर लगी थीं।
हालांकि इलाज के बाद ठाकुर पूरी तरह से ठीक हो गए थे। ठाकुर की मौत के बाद घबराए स्थानीय नागरिकों ने पुलिस को घटना की जानकारी दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को अपने कब्जे में ले लिया। जिसके बाद उसका पोस्टमार्टम कराया गया ताकि मौत की वजह का पता चल सके। हालांकि अभी इसकी रिपोर्ट नहीं आई है।