मैहर जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसा सामने आया, जहां तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में चाचा की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उनके साथ बाइक पर सवार दो भतीजे गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भतीजे का दवा कराने जा रहा था मृतक
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम झाली निवासी तीनों लोग एक बीमार भतीजे को दवा कराने के लिए अमरपाटन सिविल अस्पताल जा रहे थे। जैसे ही वे NH-30 स्थित कंचनपुर मोड़ के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार में आ रहे हाईवा ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।
मौके पर पहुंची राहत टीम
हादसे की सूचना मिलते ही डायल 112 और 108 एंबुलेंस तत्काल घटनास्थल पर पहुंचीं। घायलों को गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल अमरपाटन लाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल सतना रेफर कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई
घटना की सूचना पर अमरपाटन थाना और देहात पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल अमरपाटन में सुरक्षित रखवा दिया है। हादसे के बाद हाईवा चालक वाहन सहित फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीम सक्रिय रूप से जुटी हुई है।