सार
निमाड़ के मंडलेश्वर- महेश्वर क्षेत्र में संदिग्ध लव जिहाद मामले को लेकर तनाव की स्थिति बनी। विहिप-बजरंग दल की सूचना पर कार रोकी गई, जिसमें एक मुस्लिम युवक, हिंदू युवती और नाबालिग मिली। नाबालिग के बयान के आधार पर पुलिस ने तीन आरोपियों पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
निमाड़ क्षेत्र में लव जिहाद का एक संदिग्ध मामला सामने आने के बाद तनाव की स्थिति देखी गई। मंडलेश्वर के गांधीनगर में विश्व हिंदू परिषद (विहिप) और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने एक कार को रोका, जिसमें एक मुस्लिम युवक अमन शेख एक हिंदू युवती और एक नाबालिग लड़की सवार थे। संगठनों का आरोप है कि यह लव जिहाद का सुनियोजित मामला है। हंगामे और तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए मण्डलेश्वर पुलिस ने मामला महेश्वर थाने स्थानांतरित किया, जहां पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार विहिप और बजरंग दल के कार्यकर्ताओं को सूचना मिली थी कि महेश्वर क्षेत्र की एक नाबालिग लड़की को बहला-फुसलाकर ले जाया जा रहा है। इस पर कार्यकर्ताओं ने मंडलेश्वर के गांधीनगर में घेराबंदी कर वाहन को रोक लिया। मौके पर मुस्लिम धर्म के युवक निवासी महेश्वर और हिन्दू धर्म की युवती को एक नाबालिग लड़की के साथ पाया गया। कार्यकर्ताओं ने तत्काल इन्हें मंडलेश्वर थाने पहुंचाया। खबर फैलते ही बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी थाने पर जमा हो गए और लव जिहाद के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करने लगे।
पूछताछ में सामने आया कि नाबालिग लड़की की मुस्लिम लड़के से दोस्ती उसकी ही सहेली ने करवाई थी। आरोपी के अनुसार उसके पिता को पैरालिसिस होने के कारण उसकी फ्रेंड पिताजी को देखने घर आ रही थी। वह अपने साथ नाबालिग सहेली और मुस्लिम धर्म के युवक को लेकर आ रही थी। वहीं, नाबालिग ने बयान दिया कि वह मना कर रही थी फिर भी मुझे मेरी सहेली और मुस्लिम धर्म का लड़का जबरन गाड़ी में लेकर जा रहे थे।
ये भी पढ़ें- मंत्री विजयवर्गीय का क्षेत्र अपराध में भी नंबर वन रहा, पिछले साल बाणगंगा में 1749 केस दर्ज हुए
दोनों युवक और दोनों लड़कियां महेश्वर थाना क्षेत्र की होने के कारण मंडलेश्वर थाना प्रभारी दीपक यादव नाबालिग और आरोपियों को लेकर महेश्वर पहुंचे। वहां महिला पुलिस अधिकारियों ने नाबालिग के बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर पुलिस ने मुस्लिम धर्म के युवक और हिन्दू युवक युवती के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया है।
विहिप जिलाध्यक्ष रवि गुर्जर और बजरंग दल जिला संयोजक बलराज खटीक ने कहा कि शहर में लव जिहाद और धर्मांतरण की साजिशें बर्दाश्त नहीं की जाएंगी। नाबालिगों को टारगेट किया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान परशुराम साठे, पीयूष वर्मा, चंचल अग्रवाल, बादल वर्मा सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।
महेश्वर थाना प्रभारी जगदीश गोयल ने बताया कि नाबालिग लड़की के बयानों के आधार पर तीन लोगों पर मामला पंजीकृत किया गया है। मामला नाबालिग से जुड़ा होने के कारण हम हर पहलू की बारीकी से जांच कर रहे हैं। वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।