सतना में शराब पीने से दो दिन में दो लोगों की मौत हो गई हैं।
- फोटो : Amar Ujala (File Photo)
मध्य प्रदेश के सतना में शराब पीने से दो दिन में दो लोगों की मौत हो गई हैं। दो लोगों की हालत खराब बताई जा रही है। मामले में पुलिस शराब और फूड पॉइजनिंग दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
जानकारी के अनुसार सतना के बजरहा टोला में मौतें हुई हैं। 6 मार्च को होरीलाल ने दम तोड़ दिया। होरीलाल को रविवार को उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत होने पर अस्पताल लाया गया था। जहां से उसे रीवा रेफर कर दिया गया लेकिन रास्ते मे उसकी मौत हो गई। सोमवार को शंकर बंशकार की भी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि शंकर और होरीलाल शराब पीने के आदी थे। इसी मोहल्ले के दो लोगों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोमवार को शंकर समेत 3 लोगों को भी उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत हुई। उन्हें भी जिला अस्पताल लाया गया, जहां शंकर ने दम तोड़ दिया। दो लोगों का इलाज चल रहा है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि बजरहा टोला में रहने वाले सहसराम की 3 मार्च को बरसी थी। जिसमें सूअर परोसा गया था। सभी ने शराब और मांस खाया था। हालांकि तीन दिन बाद फूड पॉइजनिंग का होना थोड़ा अचरज करने वाला है। सिटी कोतवाली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है। शराब और फूड पॉइजनिंग दोनों ही बिंदुओं को ध्यान में रख कर तफ्तीश की जा रही है।