राज्यमंत्री ने किया नरवर नगर परिषद चुनाव जीतने का दावा
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के नरवर में नगर परिषद के चुनाव हो रहे हैं। नरवर पूरे प्रदेश का ऐसा पहला नगर परिषद जहां नगरीय क्षेत्र के लिए चुनाव हो रहे हैं। भाजपा इस चुनाव को जीतने के लिए पूरी ताकत लगा रही है। पोहरी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा विधायक और शिवराज सरकार में पीडब्ल्यूडी राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा ने नरवर नगर परिषद का चुनाव जीतने का दावा किया है।
राज्यमंत्री सुरेश राठखेड़ा ने कहा कि भाजपा का मूलमंत्र है सबका साथ सबका विकास। इसके अलावा मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा के नेतृत्व में प्रदेश में जो विकास हो रहा है, वह सबने देखा है और शिवराज, सिंधिया और वीडी शर्मा की तिकड़ी के नेतृत्व में हमारी पार्टी नरवर नगर परिषद का चुनाव भी जीतेगी।
बता दें नरवर नगर परिषद के चुनाव के लिए कुल 15 वार्डों में 6 मार्च को वोटिंग होगी। यहां ग्वालियर हाईकोर्ट के निर्देश के बाद नगर परिषद के चुनाव कराए जा रहे हैं। 6 मार्च को सुबह 7 से शाम 6 बजे तक मतदान होगा। वहीं, 9 मार्च को सुबह 9 बजे से मतगणना शुरू होगी।
नगर परिषद नरवर का निर्वाचन उच्च न्यायालय खंडपीठ ग्वालियर द्वारा 8 फरवरी 2022 को पारित आदेश के परिपालन में कराया जा रहा है। नगर परिषद के अध्यक्ष एवं उपाध्यक्ष पद का निर्वाचन, निर्वाचित पार्षदों द्वारा अप्रत्यक्ष रूप से कराया जाएगा। मतदान इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीन से कराए जाएंगे।