मध्यप्रदेश में छतरपुर जिला मुख्यालय से लगभग 16 किलोमीटर दूर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार देर रात बसरी गांव के पास एक ट्रक और वैन की आमने-सामने की टक्कर में चार लोगों की मौत हो गई। हादसे में पाच अन्य लोग जख्म भी हो गए हैं।
बमीठा पुलिस थाने के प्रभारी निरीक्षक हेमंत नायक ने गुरुवार को बताया कि यह दुर्घटना उस वक्त हुई, जब वैन में सवार लोग उत्तर प्रदेश के मऊ में रानीपुर से मध्यप्रदेश के मैहर की ओर जा रहे थे। उन्होंने बताया कि हादसे में तीन लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। जबकि एक व्यक्ति ने उपचार के दौरान छतरपुर के जिला अस्पताल में दम तोड़ दिया।
नायक ने बताया कि घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया जहां से तीन लोगों को झांसी मेडिकल कॉलेज में भेजा गया है। उन्होंने बताया कि मृतकों में तीन लोगों की पहचान 21 वर्षीय आकाश रायकवार, 24 वर्षीय कृष्णकांत रायकवार और 20 वर्षीय धीरेंद्र आर्य की तौर पर की गई है।