कक्षा आठ की एक छात्रा अपनी सहपाठी की प्रतिभा इतना द्वेष करने लगी कि उसने उसे जहर देकर जान से मरने की कोशिश कर डाली। यह चौंकाने वाली घटना मध्य प्रदेश की है जहां कथित तौर पर एक छात्रा ने अपनी सहपाठी के पानी के बोतल में मच्छर मारने वाली दवा मिलाकर दे दी।
अधिकारियों ने बताया कि आरोपी छात्रा ने इस घटना के बाद पुलिस जांच के डर से घर पर वही जहर खाकर आत्महत्या करने की कोशिश भी की। छात्रा की हालत गंभीर बनी हुई है। सिविल लाइंस पुलिस स्टेशन प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने कहा कि आरोपी छात्रा ने शहर के एक निजी स्कूल में सोमवार को अपनी सहपाठी के पानी के बोतल में मच्छर मारने की दवा मिला दी थी।
थोड़ी देर बाद जब पीड़ित छात्रा ने अपने बोतल से पानी पिया तो उसे उल्टी होने लगी और उसने बेचैनी की शिकायत की। इसके बाद पीड़ित छात्रा को अस्पताल ले जाया गया जहां उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
दोनों छात्राओं की उम्र 13-14 साल की है और दोनों एक ही कक्षा में पढ़ती हैं। पुलिस को जब घटना की सूचना दी गई तो क्लासरूम के सीसीटीवी फुटेज में आरोपी छात्रा की हरकत देखी गई। इससे मामले में पुलिस आईपीसी की धारा 328 (चोट पहुंचाने के इरादे से जहर देना) के तहत एक मामला दर्ज कर लिया है।