राज्य के पुलिस मुख्यालय ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से आठ आईपीएस अधिकारियों की जिम्मेदारियों में बड़ा फेरबदल किया है। जारी नए आदेशों के तहत पुलिस महानिदेशक के पीएसओ पद पर तैनात अधिकारियों सहित कई वरिष्ठ अफसरों के प्रभाग बदल दिए गए हैं। यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है।
पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) के पीएसओ पद की जिम्मेदारी अब 2009 बैच के डीआईजी अवधेश कुमार गोस्वामी को सौंपी गई है। वे इससे पहले कल्याण एवं लेखा विभाग की देखरेख कर रहे थे। उन्हें पीएसओ के दायित्व के साथ-साथ नारकोटिक्स विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी प्रदान किया गया है। वहीं 2010 बैच के डीआईजी विनीत कपूर को पीएसओ के दायित्व से मुक्त करते हुए अब साइबर और सामुदायिक पुलिसिंग की कमान दी गई है।
ये भी पढ़ें-
मध्य प्रदेश: स्कूली वाहनों में बच्चों को भूसे की तरह भरा जा रहा, हाईकोर्ट ने ओवरलोडिंग पर प्रशासन को फटकारा
वरिष्ठ अधिकारियों के प्रभार में फेरबदल
डीआईजी स्तर के अधिकारियों के विभागों में भी बदलाव किया गया है। अजाक विभाग में तैनात 2009 बैच के डीआईजी संतोष सिंह गौर को अब पीटीआरआई भेजा गया है। पीटीआरआई में तैनात 2009 बैच के ही डीआईजी तुषार कांत विद्यार्थी को विसबल मुख्यालय की नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके अलावा पुलिस मुख्यालय में पदस्थ 2012 बैच के डीआईजी रघुवंश कुमार सिंह को अब कल्याण एवं लेखा विभाग का प्रभार दिया गया है।
कई विभागों में नई जिम्मेदारियां
पुलिस मुख्यालय ने सहायक पुलिस महानिरीक्षक (एआईजी) स्तर के अफसरों के पदस्थापन में भी परिवर्तन किया है। वर्ष 2014 बैच के एआईजी साई कृष्ण थोटा को पुलिस मुख्यालय से स्थानांतरित करके एआईजी साइबर के पद पर नियुक्त किया गया है। वर्ष 2017 बैच के एआईजी पुनीत गहलोद को एआईजी प्रशासन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। इसके साथ ही 2019 बैच के एआईजी शशांक को पुलिस मुख्यालय से विशेष शाखा में एआईजी (जी) के पद पर तैनात किया गया है।