मध्य प्रदेश में पेट्रोल पंप संचालकों ने तय किया है कि बुधवार शाम 7 बजे से रात नौ बजे तक पंप बंद रहेंगे। यानी यहां कोई कारोबार नहीं होगा। साथ ही ये भी चेतावनी दी है कि मांगें नहीं मानी गईं तो ये हड़ताल अनिश्चितकाल के लिए भी की जा सकती है। दरअसल पंप संचालकों ने ईंधन की बिक्री पर कमीशन बढ़ाने की मांग के साथ एडवांस एक्साइज ड्यूटी रिफंड मांगा है।
बता दें कि शाम के समय इसी दौरान पेट्रोल पंपों पर ज्यादा भीड़ होती है। ऐसे में उपभोक्ताओं के लिए शाम के वक्त परेशानी बढ़ सकती है। इस हड़ताल के संबंध में मध्यप्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन ने इंडियन ऑयल कॉर्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक को अल्टीमेटम भी दिया है। कलेक्टरों को पत्र लिखे हैं। मध्य प्रदेश पेट्रोलियम डीलर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय सिंह ने बताया कि जरूरी सेवा है, इसलिए सिर्फ दो घंटे ही पंप बंद रखेंगे। केंद्र सरकार के एक्साइज ड्यूटी घटाने से मध्य प्रदेश में पेट्रोल साढ़े नौ और डीजल सात रुपये प्रतिलीटर सस्ता हो गया है। पेट्रोल के दाम कम होने से आम जनता को कुछ राहत मिली है, लेकिन डीलर को एक्साइज ड्यूटी की कटौती से 12 से 15 लाख रुपये का नुकसान उठाना पड़ रहा है। भारत पेट्रोलियम, हिंदुस्तान पेट्रोलियम के पेट्रोल पंप डीलर्स ने भी अपनी मांगें स्टेट को-आर्डिनेटर के सामने रखी हैं।
अजय सिंह ने बताया कि चार-पांच नवंबर 2021 को केंद्र सरकार ने पेट्रोल पर दस और डीजल पर 15 रुपये प्रति लीटर एक्साइज ड्यूटी कम की थी। वहीं 22 मई को दाम कम किए हैं। जबकि एक्साइज ड्यूटी पहले जमा करवा ली थी। उन्होंने बताया कि इन सभी मांगों को लेकर एसोसिएशन ने इंडियन आयल कार्पोरेशन लिमिटेड के कार्यकारी निदेशक को अल्टीमेटम दिया है। अजय सिंह ने बताया कि हमारीप प्रमुख दो ही मांगें हैं। पहली तो एडवांस जमा एक्साइज ड्यूटी की राशि रिफंड की जाए, क्योंकि वर्तमान में प्रत्येक डीलर को 12 से 15 लाख रुपए का नुकसान उठाना पड़ रहा है। और दूसरी कि कमीशन बिक्री मूल्य 5% तय हो। नई दरें वर्ष 2017 से लागू हों।