पूर्व केंद्रीय मंत्री स्व. पीआर कुमारमंगलम की पत्नी किट्टी कुमारमंगलम (67) की हत्या के मामले में एक आरोपी को मध्यप्रदेश पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी को टीकमगढ़ जिले के जतारा पुलिस थानांतर्गत बलदेवपुरा गांव से सोमवार को दबोचा गया।
किट्टी कुमारमंगलम की छह जुलाई को दक्षिणी दिल्ली के वसंत विहार स्थित उनके घर में हत्या कर दी गई थी। वह वकील थीं और घर में अकेली रहती थीं। उनके पति पी रंगराजन कुमारमंगलम, अटल सरकार में मंत्री थे और उनकी मौत कैंसर से हो गई थी।
जतारा पुलिस थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी ने बताया कि किट्टी कुमारमंगलम की घर में घुसकर हत्या और लूट के मामले में वांछित अपराधी सूरज कुमार (36) को सोमवार को जतारा पुलिस ने बलदेवपुरा गांव से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है। दिल्ली पुलिस को हत्या के मामले में सूरज की तलाश थी। उन्होंने बताया कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले में पूर्व में दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया था। किट्टी कुमारमंगलम की हत्या के बाद पुलिस ने जांच टीमें बनाई थीं।
नौकरानी ने बताई पूरी वारदात की कहानी
वारदात के समय किट्टी कुमारमंगलम अपनी नौकरानी के साथ घर में अकेली थीं। इसी दौरान में घर में घुसे बदमाशों ने लूटपाट की नीयत से उनकी हत्या कर दी थी। नौकरानी ने पुलिस को बताया कि गत मंगलवार रात करीब 9 बजे धोबी आया, तो उसने दरवाजा खोल दिया, फिर धोबी उसे खींच कर बगल के कमरे में ले गया और बांध दिया। तभी दो और लड़के दाखिल हुए और उन्होंने किट्टी की हत्या कर दी। किट्टी की नौकरानी के बयान के बाद पुलिस ने रात में ही राजू नाम के धोबी को गिरफ्तार किया था। 24 साल का राजू वसंत विहार के ही भंवर सिंह कैंप में रहता है।
जतारा पुलिस थाना प्रभारी त्रिवेंद्र त्रिवेदी ने कहा कि सूरज के कब्जे से 522 ग्राम सोने और 300 ग्राम चांदी के और कुछ हीरे के आभूषण बरामद किए गए हैंं इनकी कीमत करीब 33 लाख रूपये आंकी गई है। ये आभूषण वारदात के समय लूटे गए थे। उन्होंने बताया कि आरोपी के बलदेवपुरा गांव में अपने ससुराल में छिपे होने की दिल्ली पुलिस से सूचना के वाद वहां दबिश दी गई और उसे पकड़ने में कामयाबी मिली। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करके सूरज को दिल्ली पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।