मध्यप्रदेश के राजगढ़ जिले के कलेक्टर निधि निवेदिता के खिलाफ राज्य शासन कार्रवाई करने की तैयारी में है। उनके ऊपर एक एएसआई को थप्पड़ मारने का मामला दर्ज है। राज्य के गृहमंत्री बाला बच्चन ने कहा कि इस संबंध में शासन को रिपोर्ट मिल गई है और जो भी कार्रवाई बनती है, वह होगी।
बाला बच्चन ने कहा कि मुख्यमंत्री के संज्ञान में भी मामला है। सभी जानते हैं कि कलेक्टर ने एएसआई को थप्पड़ मारा है। इस मामले में कानून अपना काम करेगा। मंत्री के इस बयान के बाद कलेक्टर निधि निवेदिता फिर चर्चा में आ गई हैं।
कहा जा रहा है कि जांच रिपोर्ट में राजगढ़ जिले की कलेक्टर निधि निवेदिता पर एएसआई को थप्पड़ मारने का आरोप साबित हो चुका है। डीजीपी वीके सिंह ने गृह विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर भी यह जानकारी दी है।
डीजीपी ने की कार्रवाई की मांग, आईएएस और आईपीएस एसोसिएशन में मतभेद
डीजीपी वीके सिंह ने ह विभाग के प्रमुख सचिव को पत्र लिखकर राजगढ़ कलेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सूत्रों के अनुसार पुलिस सीधे कोई कदम न उठाकर प्रशासन की मदद से कार्रवाई करना चाहती है। इस मामले को लेकर आईएएस और आईपीएस एसोसिएशन में मतभेद उजागर हो गए हैं।
कलेक्टर ने भाजपा नेताओं को भी मारे थे थप्पड़
नागरिकता कानून के समर्थन में भाजपा द्वारा निकाली गई रैली के दौरान भी कलेक्टर निधि निवेदिता ने कई नेताओं को थप्पड़ मारा था। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल होने के बाद कई भाजपा नेताओं ने आपत्ति जताई थी। खुद पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान, भाजपा महासचिव कैलाश विजयवर्गीय, राज्य में विपक्ष के नेता गोपाल भार्गव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष राकेश सिंह ने राजगढ़ जाकर विरोध प्रदर्शन किया था।