सुप्रीम कोर्ट के दिल्ली-एनसीआर में दिवाली पर पटाखों की बिक्री पर बैन लगाए जाने के फैसले के बाद मध्यप्रदेश के गृहमंत्री भूपेंद्र सिंह ने दिल्ली के लोगों को दिवाली मनाने का न्यौता भेजा था। उन्होंने कहा था कि दिक्कत हो तो मध्यप्रदेश में आकर दिवाली मना ले, लेकिन बुधवार को प्रदेश सरकार ने मंत्री के आमंत्रण के उलट पटाखों पर बैन लगा दिया।
राज्य सरकार ने प्रदेश में तेज आवाज वाले पटाखे बनाने, बेचने और इस्तेमाल पर रोक लगा दी है। राज्य के पर्यावरण मंत्री अंतर सिंह आर्य ने बताया कि तेज आवाज वाले पटाखों से ज्यादा प्रदूषण फैलता है और साथ ही बहरेपन का खतरा भी बढ़ता है।
आर्य ने बताया कि सुप्रीम कोर्ट के निर्देश को देखते हुए, तेज आवाज वाले पटाखों का रात 10 बजे से सुबह 6 बजे तक इस्तेमाल बैन है। इससे पहले मंगलवार को छत्तीसगढ़ सरकार ने भी तेज आवाज और ज्यादा प्रदूषण फैलाने वाले पटाखों पर रोक लगा दी है।
पढें: बारिश की कमी से जूझ रहा मध्यप्रदेश, CM ने 13 जिलों को घोषित किया सूखाग्रस्त
गौरतलब है कि मंगलवार को सुप्रीम कोर्ट का फैसला आने के बाद राज्य के गृहमंत्री और परिवहन मंत्री भूपेंद्र सिंह ने ट्वीट कर कहा था कि मध्यप्रदेश में पटाखे जलाकर दिवाली मनाने की पूरी स्वतंत्रता है। उमंग के साथ दिवाली मनाएं, दिल्ली के मित्रों को भी मध्यप्रदेश में आमंत्रित कीजिए।
उन्होंने ये भी कहा था कि उमंज, आवेग, उत्सव, जोश के साथ दिवाली मनाएं। मध्यप्रदेश सरकार पूरे वर्ष पर्यावरण संरक्षण के लिए काम करती है, किसी एक दिन नहीं।