मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव चरम पर है। जैसे-जैसे प्रत्याशी नामांकन के लिए शपथपत्र दाखिल करते जा रहे हैं वैसे-वैसे रोचक जानकारियां सामने आती जा रही हैं। रायसेन जिले की भोजपुर और सिलवानी विधानसभा सीटों से नामांकन दाखिल करने वाले उम्मीदवारों के नामांकन के बाद जो जानकारी सामने आई है वो हैरान करने वाली है।
प्रत्याशियों द्वारा शपथ पत्र में दी गई जानकारी के अनुसार भोजपुर विधानसभा से चुनाव लड़ रहे भाजपा प्रत्याशी और शिवराज के मंत्री सुरेंद्र पटवा के नाम कार का शोरूम जरूर है, लेकिन उनके नाम एक भी कार नहीं है। उनके नाम सिर्फ एक दुपहिया वाहन है।
पटवा 38 करोड़ रुपये की संपत्ति के साथ सर्वाधिक धनी प्रत्याशी हैं, लेकिन 33 करोड़ 84 लाख रुपये के कर्जदार भी हैं। वहीं भोजपुर से ही कांग्रेस के उम्मीदवार सुरेश पचोरी और उनकी पत्नी के पास जिले के सभी उम्मीदवारों में सर्वाधिक 207 तोला सोना और 16 किलो चांदी है।
उनके नाम गुड़गांव में एक फ्लैट भी है। पचोरी के पास कोई वाहन नहीं है। बात करें अगर सूबे के एक और मंत्री और सिलवानी से भाजपा उम्मीदवार रामपाल सिंह राजपूत और उनकी पत्नी के पास 81 तोला सोना और नौ किलो चांदी है, चार हथियार और भोपाल की एक प्रसिद्ध टाउनशिप में 1600 वर्गफुट में मकान है। उनके पास एक पजेरो गाड़ी और 32 एकड़ जमीन भी है।