मध्य प्रदेश में कोरोना की दूसरी लहर ने दम बिगाड़ दी है। पिछले 10 दिनों से कोरोना के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। यीनी प्रदेश के 52 जिले में कोरोना के नए केस काफी तेजी से निकल रहे हैं।प्रदेश में सोमवार को 3722 नए मरीज मिले जबकि 18 मरीजों की मौत हो गई। प्रदेश में संक्रमित मरीजों की कुल संख्या 3 लाख के पार हो गई है।
वहीं वायरस के चलते प्रदेश में मरने वालों का कुल आंकड़ा 4,073 पहुंच गया है। राज्य में कोरोना को लेकर लगातार हालात बिगड़ रहे हैं। प्रदेश में पहले बड़े शहरों तक ही कोरोना महामारी पहुंची थी, लेकिन अब छोटे शहरों में भी कोरोना के मरीज निकल रहे हैं। प्रदेश इस वक्त देश का सातवां सबसे संक्रमित राज्य बना हुआ है। महाराष्ट्र, छत्तीसगढ़, कर्नाटक, उत्तर प्रदेश, दिल्ली, और तमिलनाडु के बाद मध्य प्रदेश का ही नंबर है। सबसे ज्यादा मरीज इंदौर में हैं।
इंदौर में 805 मरीज मिले, कंपनियों को ऑक्सीजन नहीं देने का आदेश
इंदौर में सोमवार को 805 नए केस सामने आए। जबकि तीन मरीजों की मौत हो गई। एक्टिव मरीजों का आंकड़ा 5, 875 पर पहुंच गया है। हालांकि 516 मरीज डिस्चार्ज भी हुए। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक यहां कोरोना जांच कराने वाला हर 6व्यक्ति पॉजिटिव है।
इंदौर जिला प्रशासन ने कोरोना के बढ़ते मामले के मद्दनजर उद्योगों या कंपनियों को ऑक्सीजन की आपूर्ति रोकने के आदेश जारी किया है। प्रशासन ने कहा कि आने वाले दिनों में कोविड मरीजों को ऑक्सीजन की कमी नहीं हो इसे देखते हुए सभी ऑक्सीजन प्लांट अस्पतालों को ही सप्लाई करें। बता दें कि अस्पतालों में हर दिन ऑक्सीजन की खपत 35 से 40 हजार क्यूबिक मीटर है।
भोपाल में 582 नए मरीज
भोपाल में सोमवार को इस साल का सबसे ज्यादा नए केस सामने आए। 582 नए संक्रमित मरीज मिले। यहां 4495 एक्टिव केस हैं। जबकि 2 लोगों की मौत हो गई।
उज्जैन में 12 की मौत, 74 नए केस
उज्जैन में भी कोरोना मरीजों की संख्या में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। जिले में कोरोना संक्रमण से हालात बिगड़ते जा रहे हैं। पिछले 24 घंटे में 74 नए मामले मिले हैं। साथ ही 12 घंटे के भीतर 6 कोरोना मरीजों की मौत हो गई। कोरोना के बढ़ते मरीजों के बीच ऑक्सीजन सप्लायरों ने ऑक्सीजन की दरों में बढ़ोतरी कर दी है। ऐसे में मरीजों पर इलाज का भार बढ़ना तय माना जा रहा है।
आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज अस्पताल में शिवानी इंटरप्राइजेस के संचालक ने ऑक्सीजन की कीमतें बढ़ा दी है। उन्होंने हॉस्पिटल प्रशासन को दिए पत्र में लिखा है कि ऑक्सीजन की कमी के कारण निर्माता ने कीमतें बढ़ा दी है। नई दरें 5 अप्रैल से तत्काल प्रभाव से लागू होगी। 206 रुपए प्रति सिलेंडर लिए जाते थे, जिसे बढ़ाते हुए 306 रुपए कर दिया गया है।
जबलपुर में पिछले साल का टूटा रिकॉर्ड
जबलपुर में पहली लहर का रिकॉर्ड टूट गया। एक दिन में अब तक इतने मरीज कभी नहीं निकले थे । सोमवार को 257 नए संक्रमित मरीज मिले। इससे पहले सितंबर 2020 में एक दिन में संक्रमितों की संख्या 251 थी। 168 को स्वस्थ होने पर डिस्चार्ज किया गया है। एक्टिव केस अब 1607 हैं। मीडिया रिपोर्ट्स की मानें तो सोमवार को एक बुजुर्ग महिला को इलाज नहीं मिलने से मौत हो गई। पीड़ित बुजुर्ग का बेटा एक अस्पताल से दूसरे अस्पताल का चक्कर काटता रहा लेकिन किसी अस्पताल ने बुजुर्ग को भर्ती नहीं किया। आखिर में बुजुर्ग की कार में ही मौत हो गई।