राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण की बिगड़ती स्थिति को देखते हुए प्रदेश सरकार ने प्रतिबंधों को 30 अप्रैल तक जारी रखने का फैसला किया है। इसके साथ ही मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को मुफ्त में कोरोना का टीका लगाया जाएगा। पढ़िए राज्य में कोरोना वायरस से संबंधित सभी अपडेट्स...
मध्यप्रदेश में कोरोना वायरस के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने पूरे प्रदेश में 30 अप्रैल तक सख्ती बढ़ाने का फैसला किया है। राज्य के गृह विभाग ने इसे लेकर दिशानिर्देश भी जारी कर दिए हैं। राज्य में मंगलवार को कोविड-19 के 12727 नए मामले सामने आए थे। जिससे प्रदेश में इस वायरस से अब तक संक्रमित पाए गए लोगों की कुल संख्या बढ़कर चार लाख 33 हजार 704 हो गई। राज्य में संक्रमण की दर 24.7 फीसदी हो गई है।
विज्ञापन
नए दिशानिर्देशों के अनुसार आवश्यक सेवाओं को छोड़कर सभी कार्यालयों में केवल 10 फीसदी कर्मचारियों को ही उपस्थित रहने की अनुमति दी गई है। ऑटो, ई-रिक्शा और कार में अधिकतम दो सवारी बैठ सकेंगी। धार्मिक, समाजिक, सांस्कृतिक, राजनीतिक, खेल और मनोरंजन गतिविधियां प्रतिबंधित रहेंगी। बड़ी सब्जी मंडियों को छोटे-छोटे आकार में अलग-अलग बांटने की सलाह दी गई है। फुटकर व्यापारियों द्वारा थोक किराना व्यापारियों को सामग्री की आपूर्ति जारी रहेगी।
18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को मुफ्त वैक्सीन
उधर, मुख्यमंत्री कार्यालय ने बताया कि सीएम शिवराज सिंह चौहान ने फैसला लिया है कि राज्य में 18 वर्ष से अधिक आयु के सभी लोगों को कोरोना वायरस वैक्सीन का टीका निशुल्क लगाया जाएगा।
विज्ञापन
इंदौर: बेवजह घूम रहे 129 लोग पहुंचे जेल
कोविड-19 के बढ़ते प्रकोप की रोकथाम के लिए यहां बुधवार से शुरू जनता कर्फ्यू के दौरान कथित रूप से बेवजह सड़क पर घूमते पाए गए 129 लोगों को अस्थाई जेल की हवा खानी पड़ी। जनता कर्फ्यू के दौरान ये लोग शहर के अलग-अलग इलाकों में घूम रहे थे। पुलिस ने जब इनके बाहर घूमने का सबब पूछा, तो संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इन लोगों को तीन घंटे बाद रिहा किया जा रहा है और मुचलका भरवाया जा रहा है कि आइंदा वे कोविड से बचाव के सभी दिशानिर्देश मानेंगे।
योग और आयुर्वेद का लेंगे सहारा: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को कहा था कि कोरोना वायरस संक्रमण के विरुद्ध रोग-प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और प्रभावित व्यक्तियों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए योग और आयुर्वेद का सहयोग लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस दिशा में श्री श्री रविशंकर ने राज्य सरकार को सहयोग का आश्वासन दिया है। चौहान ने बताया कि मरीजों की मनोस्थिति को कमजोर और नकारात्मक होने से बचाने और उनका मनोबल बनाए रखने के लिए आवश्यक मार्गदर्शन दिया जाएगा।