मध्यप्रदेश में कोरोना के मरीजों की संख्या ने 1400 का आंकड़ा पार कर लिया है। राज्य स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक मध्यप्रदेश में संक्रमितों की संख्या 1407 पहुंच गई है। अबतक 72 लोगों की मौत हुई है, 131 ठीक हुए हैं। शनिवार को 59 लोगों को अस्पताल से डिस्चार्ज किया गया था। इंदौर में संक्रमितों की संख्या 890 और राजधानी भोपाल में 214 पहुंच गई है।
राज्य की आर्थिक राजधानी इंदौर में आंकड़ा करीब 890 पहुंच गया है। इंदौर सीएमओ डॉ. प्रवीन जदिया के मुताबिक जिले में शनिवार को कोरोना संक्रमित एक मौत हुई है जबकि नौ नए मामलों की भी पुष्टि हुई।
राज्य में अब तक हुई 72 लोग इस बीमारी की चपेट में आकर दम तोड़ चुके हैं। अकेले इंदौर में 48 लोगों की मौत हुई है। अधिकारियों के अनुसार, भोपाल और उज्जैन में छह, देवास में पांच, खरगोन में चार और छिंदवाड़ा में एक-एक व्यक्ति की मौत इस संक्रमण से हुई है। वहीं, मुख्यमंत्री के आदेशानुसार, भोपाल और इंदौर में कोई छूट नहीं मिलेगी। अन्य जिलों में आर्थिक गतिविधियो में छुट मिलेगी।
आउटसोर्स कर्मचारियों का 50 लाख का बीमा और 10,000 रुपये प्रति माह दे सरकार-कमलनाथ
कांग्रेस नेता कमलनाथ ने मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान को पत्र लिखकर कोरोना वायरस लॉकडाउन अवधि के दौरान राज्य में बिजली प्रबंधन कंपनियों के प्रत्येक आउटसोर्स कर्मचारी के लिए 10,000 रुपये प्रति माह और 50 लाख रुपये के बीमा कवर की मांग की।
भोपाल में 12 दिन की बच्ची संक्रमित
भोपाल में 12 साल की एक बच्ची कोरोना वायरस से संक्रमित पाई गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों ने बताया कि रविवार को सामने आया यह मामला राज्य में कोरोना संक्रमण का सबसे कम उम्र का मामला है। भोपाल के मुख्य स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. प्रभाकर तिवारी ने बताया कि मां और नवजात की कोरोना जांच पॉजिटिव आई है।
इस बच्ची का जन्म सात अप्रैल को हुआ था। उसके पिता ने कहा कि यह हो सकता है कि बच्ची को एक महिला स्वास्थ्य कर्मी से संक्रमण हो गया हो जो बच्ची के जन्म के समय ड्यूटी पर थी और बाद में संक्रमित पाई गई थी। बच्ची का जन्म सरकारी सुल्तानिया जनाना अस्पताल में हुआ था।
उन्होंने कहा, ‘इस स्वास्थ्यकर्मी के कोरोना वायरस संक्रमित होने के बाद बच्ची और उसकी मां में संक्रमण आने के शक पर मैंने अस्पताल के डॉक्टरों से संपर्क किया लेकिन उन्होंने कुछ नहीं किया। तब मैंने बरखेड़ी इलाके में लगे स्वास्थ्य शिविर में बच्ची और उसकी मां की जांच कराई और डॉक्टरों ने उनके नमूने जांच के लिए भेज दिए, जिसकी रिपोर्ट रविवार को आने से दोनों कोरोना वायरस संक्रमित पाए गए हैं।’