मध्यप्रदेश में ज्यों-ज्यों विधानसभा उपचुनावों के लिए मतदान की तारीख नजदीक आ रही है त्यों-त्यों राजनीतिक सरगर्मी भी तेज होती जा रही है। राज्य की दोनों प्रमुख पार्टियों के स्थानीय नेताओं से लेकर वरिष्ठ नेताओं के बीच जुबानी जंग काफी तेज होती जा रही है।
इस बीच मुरैना में एक जनसभा को संबोधित कर रहे मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शुक्रवार को पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के नारियल वाले बयान पर करारा जवाब दिया है। उन्होंने कहा कि तुमने (कमलनाथ) कुछ किया ही नहीं तो नारियल कहां से फोड़ोगे। कहते हैं कि शिवराज तो नारियल लेकर घूमता है। नारियल लेकर नहीं घूमूं तो क्या शैम्पेन की बोतल लेकर घूमूं। यह हमारी संस्कृति और संस्कार नहीं हैं।
उन्होंने अपने संबोधन में आगे भी कमलनाथ पर हमला जारी रखा। उन्होंने कहा कि हम मुरैना में मेडिकल कॉलेज खोलेंगे और यहां चंबल का पानी लाएंगे इसलिए नारियल फोड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि हम बिठौरा में कॉलेज खोलेंगे और यहां की बिजली व्यवस्था को दुरूस्त करेंगे इसलिए नारियल फोड़ रहे हैं। तुमने कुछ किया ही नहीं, तुम्हारी तो किस्मत ही फूटी थी तो तुम नारियल कहां से फोड़ोगे।
शिवराज सिंह ने आगे कहा कि हमारे संस्कार अलग हैं। भारत की संस्कृति और परंपराएं अलग हैं। नवरात्रि का समय है, नारियल तो देवी जी को चढ़ाते हैं। उन्होंने कहा कि हम साधारण किसान परिवार में जन्म लिए हैं और कच्चे मकान में पले बढ़े हैं।