जीवाजी विश्वविद्यालय, ग्वालियर
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश के राज्यपाल मंगू भाई पटेल ने ग्वालियर के जीवाजी विश्वविद्यालय में स्कूल ऑफ स्टडीज इन बॉटनी के प्रोफेसर अविनाश तिवारी को जीवाजी विश्वविद्यालय का कुलपति नियुक्त किया है। उनका कार्यकाल चार साल का रहेगा।
राज्यपाल कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के मुताबिक राज्यपाल ने मध्य प्रदेश विश्वविद्यालय अधिनियम 1973 (क्रमांक 22 सन् 1973) की धारा 13 की उपधारा (1) में मिले अधिकारों का इस्तेमाल करते हुए यह नियुक्ति की है। जीवाजी विश्वविद्यालय की कुलपति संगीता शुक्ला का कार्यकाल खत्म होने के पांच पांच महीने पहले ही उनके उत्तराधिकारी की तलाश शुरू हो गई थी। पिछले हफ्ते 11 दावेदारों को भोपाल में प्रेजेंटेशन के लिए बुलाया गया था। इनमें प्रो. अविनाश तिवारी के अलावा पूर्व कुलसचिव आनंद मिश्रा, प्रो. उमेश होलानी भी शामिल थे।
40 से अधिक आवेदन थे
कुलपति का चयन करने के लिए तीन सदस्यों वाली सर्च कमेटी बनाई गई थी। इस पद के लिए 40 से ज्यादा आवेदन आए थे। इससे सर्च कमेटी को अधिक वक्त लग गया। इस बीच कुलपति संगीता शुक्ला का कार्यकाल 18 नवंबर को पूरा हो गया। यह देखते हुए राज्यपाल ने प्रक्रिया में तेजी लाई। 40 में से 12 लोगों को छांटा गया। उन्हें प्रेजेंटेशन देने को बुलाया गया। दावेदारों ने सर्च कमेटी के सवालों के जवाब भी दिए। इनके प्रेजेंटेशन के बाद तीन लोगों का पैनल तय किया गया। राज्यपाल ने इनमें से अविनाश तिवारी को चुना है।