समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव आज मध्यप्रदेश में होने वाले विधानसभा चुनाव के प्रचार के लिए पहुंचे। यहां उन्होंने कई चुनावी जनसभाओं को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने राज्य की भाजपा शासित शिवराज सरकार पर जमकर हमला बोला।
इसके बाद उन्होंने ट्वीट कर अपनी जनसभाओं में आयी जनता के उत्साह का जिक्र करते हुए मध्यप्रदेश में इस बार परिवर्तन होने की बात कही है। यादव ने लिखा, 'आज मध्य प्रदेश के छतरपुर में बिजावर, महाराजपुर और चंदला विधान सभा क्षेत्रों के लिए सपा प्रत्याशियों के समर्थन में आयोजित विभिन्न विशाल चुनावी जनसभाओं ने दर्शा दिया कि इस बार परिवर्तन के लिए भारी मतदान होगा।'
गौरतलब है कि मध्यप्रदेश और मिजोरम विधानसभा चुनाव 2018 के लिए सोमवार शाम 5 बजे प्रचार का पहिया थम गया। लंबे समय से चले भीषण प्रचार पर विराम लग गया। प्रदेश में 5 करोड़ 4 लाख 95 हजार मतदाता है। मतदान के लिए 65 हजार 341 पोलिंग बूथ बनाए गए हैं। मध्यप्रदेश में सभी 230 सीटों पर 28 नवंबर को एक ही चरण में मतदान होगा।