फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मध्यप्रदेश चुनाव 2018: चुरहट के लोगों का आरोप- चुनाव हारने का बदला ले रही है शिवराज सरकार

Tue, 06 Nov 2018 10:51 AM IST
चुनाव डेस्क, अमर उजाला, चुरहट
विज्ञापन
अमर उजाला चुनाव रथ चुरहट में - फोटो : Amar Ujala
विज्ञापन
मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव के लिए 28 नवंबर को वोट डाले जाएंगे। अमर उजाला आपको बता रहा है मध्यप्रदेश के जमीनी हालात और उन विषयों के बारे में जो इस बार चुनावी मुद्दे हैं। इसी के मद्देनजर अमर उजाला का चुनाव रथ पहुंचा सीधी जिले के चुरहट विधानसभा क्षेत्र। संवाददाता वैभव कुमार ने आम जनता और सियासी दलों से बात करके यहां मूड जानने की कोशिश की। 
विज्ञापन


उन्होंने जाना कि आखिर जनता क्या चाहती है? उनके चुने हुए नेता उनकी उम्मीदों पर कितने खरे उतरे हैं? साथ ही यह भी जाना की जनता इस बार के चुनाव में किसे मौका देने का मन रखती है। टी वैली प्रायोजित अमर उजाला के खास लाइव कार्यक्रम सत्ता के सेमीफाइनल में जानिए कि चुरहट इस बार किन मुद्दों पर वोट करने वाला है। 

चुरहट की जनता आक्रोश में है और मानती है इलाके से भाजपा प्रत्याशी के हारने की वजह से प्रदेश सरकार क्षेत्र की जनता से बदला ले रही है। इस सीट से कांग्रेस नेता अजय सिंह विजयी हुए थे। अजय सिंह विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष हैं। 
विज्ञापन


स्थानीय दुकानदारों ने कहा कि प्रदेश में 15 साल से भाजपा की सरकार है। लेकिन स्थानीय सड़क की समस्या से त्रस्त हैं। बारिश के मौसम में बरसात का पानी दुकानों में घुस जाता है जिससे दुकान बंद करनी पड़ती है। टूटी सड़क से उड़ती धूल दुकानों में जम जाती है। 

हमारे संवाददाता ने भी देखा कि यह सड़क राष्ट्रीय राजमार्ग 39 का हिस्सा है। लेकिन यहां सीमेंट पिच तो दूर की बात है, कंकड़ ही कंकड़ भरे हैं। 

एक अन्य दुकानदार ने भी बताया कि खस्ताहाल सड़क बहुत बड़ी समस्या है। यहां गाड़ियों के आनेजाने से इतनी धूल उड़ती है कि सड़क पर चलना मुहाल है और यह धूल दुकानों में भर जाती है। 

लोगों ने कहा कि भाजपा उम्मीदवार सत्यम तिवारी पिछले चुनाव में हारने के बाद बीते पांच सालों के दौरान जनता से मिलने कभी नहीं आए। लेकिन कांग्रेस प्रत्याशी अजय सिंह की तारीफ के पुल बांधते हुए लोगों ने कहा कि वह महीने में चार बार स्थानीय लोगों से मिलने आते रहते हैं। उनके प्रशंसकों ने कहा कि अर्जुन सिंह के बाद चुरहट के विकास के लिए जो किया वह कांग्रेस विधायक ने किया। पिछले 15 सालों से सत्ता पर काबिज भाजपा सरकार ने क्षेत्र की अनदेखी की है। 

लोगों का कहना है कि सरकार क्षेत्र की जनता से सौतेला व्यवहार कर रही है। बेरोजगारी बहुत ज्यादा है। सड़कों की धूल के कारण दुकानदारों का सामान खराब हो रहा है। 

स्थानीय लोगों ने कुछ दिनों पहले मुख्यमंत्री शिवराज की जनआशीर्वाद यात्रा के दौरान कथित पत्थरबाजी की घटना को पूरी तरह झूठ बताया। लोगों का कहना है कि यह भाजपा की क्षेत्र के विधायक अजय सिंह को बदनाम करने की साजिश है।

एक अन्य निवासी ने बताया कि भ्रष्टाचार की समस्या बनी हुई है। बिजली विभाग के कर्मचारी बिजली के तार ठीक करने के लिए 200-300 रुपये मांगते हैं। राजस्व विभाग में पटवारी से लेकर कानूनगो सभी रिश्वत के बिना काम नहीं करते। 

क्षेत्र की हरिजन बस्ती 14 वार्ड कमान के लोगों के मुताबिक उनके इलाके में बिजली के खंभे तो लगे हैं उनमें तार भी हैं लेकिन आज एक साल बीत जाने के बाद के बाद भी बिजली नहीं आई है।  

चुरहट के कई लोगों का कहना है कि चूंकि क्षेत्र के विधायक अजय सिंह सरकार के खिलाफ मुखर रहते हैं इसलिए सरकार उनके क्षेत्र के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। हर त्योहार से पहले इलाके में मिट्टी डाल दी जाती है और इन टूटी सड़कों से उड़ती धूल से उनका त्योहार खराब कर दिया जाता है।
विज्ञापन
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें