करीब चार साल पहले रीवा से एक 25 वर्षीय युवक लापता हो गया था। रीवा पुलिस को अब यह सूचना मिली है कि यह युवक पाकिस्तान के लाहौर की जेल में बंद है। युवक की पहचान के लिए केंद्रीय गृह मंत्रालय ने रीवा पुलिस के युवक के मूल दस्तावेज मांगे हैं।
रीवा जिला पुलिस अधीक्षक आबिद खान ने गुरुवार को बताया, 'केंद्रीय गृह मंत्रालय से हमें एक पत्र मिला है। जिसमें पाकिस्तान की जेल में बंद एक युवक के संबंध में हमसे जानकारी मांगी गई है। फोटो और अन्य जानकारियां जिले के एक गांव से चार साल पहले गुमशुदा हुए एक युवक से मिल रही हैं।'
खान ने बताया कि युवक की पहचान नईगढ़ी पुलिस थाना क्षेत्र के गांव सदहना गांव के निवासी अनिल कुमार पिता बुद्धसेन साकेत के तौर पर हुई है। युवक के परिजनों ने स्थानीय पुलिस थाने में जनवरी 2015 में उसके लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि मांगी गई जानकारी और दस्तावेज संबंधित अधिकारियों को भेज दिए गए हैं।
आबिद खान ने कहा, ‘हमें नहीं मालूम कि युवक कैसे पाकिस्तान पहुंचा। हमें केवल गृह मंत्रालय से इस युवक से संबंधित जानकारी की तस्दीक करने और युवक के दस्तावेज मांगने का एक पत्र मिला है। जांच में हमने पाया कि पाकिस्तान की जेल में बंद युवक की फोटो और अन्य जानकारियां जिले से गुमशुदा हुए युवक से मिल रही हैं।’
वहीं, अनिल के पिता बुद्धसेन ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके बेटे को पाकिस्तान से वापस लाने की अपील की है। मीडिया से बात करते वक्त साकेत ने कहा, ‘मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से अपील करता हूं कि मेरे पुत्र की सहायता करें ताकि वह घर वापस आ सके। मोदी जी सबकी मदद करते हैं और मुझे यकीन है कि वह मेरी भी सहायता करेंगें।’
एक अन्य पुलिस अधिकारी के अनुसार तीन जनवरी 2015 से अनिल अपने घर से लापता हुआ था। उसके परिजन ने रिश्तेदारों और आसपास के इलाकों में काफी तलाश करने के बाद नईगढ़ी पुलिस थाने में 10 जनवरी 2015 को उसके लापता होने की प्राथमिकी दर्ज कराई थी।