श्योपुर जिले में स्थित कूनो नेशनल पार्क में 24 अप्रैल को उदय नाम के चीते की मौत हो गई, जिसकी वजह कार्डियक अरेस्ट बताई जा रही है। एक महीने के अंतराल में कूनो में दो चीतों की मौत हो गई। इन दो चीतों की मौत के बाद चीतों से जुड़ी नई नई अफवाहें सुनने को मिल रही हैं। चीतों की मौत के बाद लगातार अटकलें लगाई जा रही थी कि चीतों को दूसरी जगह शिफ्ट किया जा सकता है, जबकि कूनो नेशनल पार्क की योजना में ही ऐसा है कि यहां 20 से ज्यादा एनिमल नहीं रखे जा सकते।
चीतों की शिफ्टिंग को लेकर हाल ही में कूनो वन मंडल के वरिष्ठ अधिकारियों से बात की। इस पर DFO प्रकाश वर्मा ने बताया कि चीते उदय की मौत का कोई कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। डॉक्टर की टीम सैंपल लेकर गई हैं, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही उदय की मौत के सही कारणों का पता चल सकेगा। प्रारंभिक जांच में उदय की मौत की वजह कार्डियक अरेस्ट को माना जा रहा है। दूसरे चीतों में फिलहाल किसी भी तरह के लक्षण नजर नहीं आ रहे हैं। उदय को आइसोलेशन में रखा गया था, लिहाजा बाड़े का कोई और चीता उसके संपर्क में नहीं था।
वहीं, उन्होंने चीतों की मौत के बाद शिफ्टिंग के सवाल पर कहा कि योजना के अनुसार कूनो में 20 से ज्यादा जानवरों को नहीं रखा जा सकता। प्रारंभिक स्टेज पर भी दो से चार एनीमल को शिफ्ट करने का प्रावधान था, जिसकी बात चल रही थी। अगर दूसरी जगह तैयारियां हो गई होंगी तो वहां पर शिफ्ट करने की बात आगे सोची जा सकती है। हालांकि अभी तत्काल में चीतों की शिफ्टिंग वाली कोई बात नहीं है। इस तरह की जो बातें आ रही हैं वह निराधार हैं।