मध्यप्रदेश के खंडवा जिले से लुटेरी दुल्हन गैंग के सदस्य को पकड़ने में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पकड़ा गया बदमाश वेश बदलकर हरसूद थाना क्षेत्र में फरारी काट रहा था। यही नहीं, पुलिस से बचने के लिए आरोपी ने अपने पास पांच मोबाइल नंबर ले रखे थे। लेकिन इन्हें भी करीब साल भर से बंद कर रखा था, जिसके जरिए वह पुलिस को लंबे समय से चकमा दे रहा था। लेकिन इस दौरान उसने जैसे ही अपनी छठवीं सिम चालू की, तो वह पुलिस की रडार में आ गया और उसकी लोकेशन निकाल पुलिस ने उसे धर दबोचा।
इस लुटेरी गैंग के सरगना की पत्नी और एक महिला रिश्तेदार को भी आरोपी के साथ-साथ पुलिस ने हिरासत में लिया है और अब उनसे भी पूछताछ की जा रही है। वहीं, पूछताछ में खुलासा हुआ है कि आरोपी ने दूल्हे को ठगने के लिए दो घंटे तक दुल्हन का किरदार निभाने के लिए दो हजार रुपये के भाड़े पर एक युवती को दुल्हन के रूप में लिया था। पुलिस अब उस भाड़े की दुल्हन की भी तलाश कर रही है। इधर, पकड़ा गया आरोपी भी पुलिस रिकॉर्ड में वाहन चोरी और ठगी जैसे 28 मामलों का हिस्ट्रीशीटर निकला है।
खंडवा नगर में बीते 23 जून 2023 की सुबह बेटमा (इंदौर) के लिलेड़ीपुरा में रहने वाला दीपक पिता मूलचंद परमार बारात लेकर खंडवा स्थित मेडिकल कॉलेज के पीछे की बसंत विहार कॉलोनी में पहुंचा था। यहां किराए के मकान में रहने वाले राहुल उर्फ परसराम ने उसे झांसा दिया था कि वह उसकी पूजा नामक बेटी से शादी करेगा। लेकिन बारात जब परसराम के घर पहुंची तो वहां ताला लगा मिला, जिसे देख दुल्हन और उसके परिजनों से ठगाए दूल्हे दीपक की आंखों में आंसू आ गए। इस दौरान बदनामी के साथ-साथ एक लाख रुपये का माल ठगने का दुःख भी दूल्हे सहित उसके पूरे परिवार को था। उसके बाद दूल्हे दीपक ने परसराम और ठगोरी दुल्हन पूजा सहित उसके पूरे फर्जी परिवार के खिलाफ ठगी की शिकायत दर्ज कराई थी। हालांकि, घटना के बाद से ही आरोपी और उसके सभी साथी फरार थे।
छठी सिम से खुला कपड़ा व्यापारी बनने का राज
इधर, फरारी के दौरान मुख्य आरोपी परसराम ने पुलिस से बचने के लिए अपना हुलिया बदलते हुए दाढ़ी-मूछ भी बढ़ा लिया था। इस बीच वह खंडवा के हरसूद क्षेत्र में अपना वेश बदलकर रहने लगा। वहीं, पुलिस उसे पकड़ने के लिए लगातार उसके मोबाइल और आधार कार्ड के जरिए खरीदे गए सिम नंबरों को टटोल रही थी। लेकिन आरोपी के सभी पांच मोबाइल नंबर बंद मिल रहे थे। लेकिन इस दौरान उसके नाम की छठवीं सिम चालू होने की पुलिस को जानकारी मिली और उसकी लोकेशन के आधार पर मोघट रोड टीआई धीरेश धारवाल, रामेश्वर चौकी प्रभारी सुभाष नावड़े और उनकी टीम ने आरोपी को हरसूद क्षेत्र से दबोच लिया। जहां वह कपड़ा व्यापारी बनकर फरारी काट रहा था।
प्रेमिका को बताया फर्जी पत्नी
वहीं, इस पूरे मामले का खुलासा करते हुए पुलिस कंट्रोल रूम खंडवा में एसपी मनोज कुमार राय ने बताया कि जून 2023 को बेटमा इंदौर का एक व्यक्ति यहां पर आया था। उसने एक लड़की से शादी करने की एवज में 75 हजार रुपये दिए थे। लेकिन शादी के बाद वह लड़की रफूचक्कर हो गई। इस पर से धारा-420 का एक प्रकरण मोघाट थाने में दर्ज था। पिछले लगभग डेढ़ वर्ष से इस प्रकरण में आरोपियों की तलाश की जा रही थी।
इस पूरे मामले में हमारी पुलिस टीम ने मेहनत कर एक व्यक्ति राहुल उर्फ परशराम यादव की पहचान की, जो फिलहाल जामनिया कला हरसूद में रह रहा था। मालूम चला था कि उसी ने यह पूरी ठगी की रचना रची थी, जिस पर उसे पकड़ा और उससे पूछताछ की गई तो पूरी कहानी सामने आ गई। उसने अपनी एक प्रेमिका को अपनी फर्जी पत्नी बनाकर लड़की की मां के रूप में प्रस्तुत किया था और एक लड़की को साथ में रखा था, जो उस समय नाबालिग थी।
मुख्य आरोपी पर पहले ही 28 मामले हैं दर्ज
वहीं, एसपी मनोज राय ने बताया कि राहुल उर्फ परशराम पर कुल 28 मामले दर्ज हैं, जिनमें वाहन चोरी के प्रकरण अधिक हैं। इस बारे में भी उसे रिमांड पर लेकर पूछताछ की जाएगी कि यहां पर चोरी की वारदातों में उसका हाथ तो नहीं है। साथ ही इस प्रकरण में तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी हो गई है। हम पता लगा रहे हैं कि क्या इन्होंने अन्य जगह भी इस तरह की कोई वारदात की है या क्या उन्होंने फर्जी दुल्हन रखकर लोगों को ठगा तो नहीं है।