शिव डोले की तैयारी करते समय पांच युवकों को लगा करंट, एक की मौत
मध्यप्रदेश के खरगोन जिले के बिस्टान क्षेत्र में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जिसमें पांच युवक हाईटेंशन लाइन की चपेट में आ गए। करंट लगने से एक युवक की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
शनिवार को पंचमी के अवसर पर डेरेश्वर महादेव मंदिर से शिव डोला निकाले जाने की तैयारी के दौरान, ये सभी युवक झांकी में वेल्डिंग का कार्य करवा रहे थे। नगर के गणेश मार्केट में ट्राली लेकर पहुंचे इन युवकों ने दुकान के बंद होने के बाद ट्राली को सड़क किनारे ले जाने की कोशिश की। इस दौरान ट्राली पर लगी लोहे की एक राड हाईटेंशन लाइन से टकरा गई, जिससे करंट फैल गया। हर्ष पिता महेंद्र, उम्र 26 वर्ष की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, भूपेंद्र पिता संतोष, 25, राजेश पिता तुलसीराम, 27, कान्हा पिता गंगाराम, 21 और राहुल पिता धर्मेंद्र, 29, घायल हैं। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को निजी वाहनों के माध्यम से जिला अस्पताल लाया गया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक हर्ष का शव पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया है।
विधायक पहुंचे घायलों से मिलने
घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय विधायक केदार सिंह डावर जिला अस्पताल पहुंचे और घायलों से मिलकर उनके इलाज की व्यवस्था की। विधायक ने मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा दिलाने का आश्वासन भी दिया। घटना के बाद से ग्रामीणों में गहरा आक्रोश व्याप्त है। ग्रामीणों का कहना है कि बिजली विभाग की लापरवाही के कारण यह हादसा हुआ है। उन्होंने पहले भी झूलती हाईटेंशन लाइन के तारों की शिकायत की थी, लेकिन बिजली विभाग ने इसे ठीक नहीं किया। ग्रामीणों ने विभाग की लापरवाही पर सवाल उठाया है और भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचाव के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की है।