फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Khandwa: गुरुपूर्णिमा पर ओंकारेश्वर पहुंचे एक लाख भक्तों ने किए बाबा ओंकार के दर्शन, किए गए थे विशेष इंतजाम

Sun, 21 Jul 2024 09:22 PM IST
खंडवा ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, खंडवा

सार

धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में रविवार को गुरु पूर्णिमा पर्व बड़े ही श्रद्धा भक्ति के साथ मनाई गई। इस दौरान सुबह 4 बजे भगवान ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर की मंगला आरती की गई, जिसके बाद से ही भक्तों के लिए दर्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई थी। बताया जा रहा है कि करीब एक लाख भक्त पहुंचे थे। 
विज्ञापन
ओंकारेश्वर मंदिर में पूजन किया गया
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

देशभर में रविवार को गुरु शिष्य की अनूठी परंपरा का महोत्सव गुरु पूर्णिमा मनाया जा रहा है, इसके साथ ही मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की धार्मिक तीर्थ नगरी ओमकारेश्वर में भी गुरु पूर्णिमा का यह महापर्व बड़ी ही श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया जा रहा है। इस विशेष पर्व पर सुबह मंगला आरती के बाद से ही बड़ी संख्या में दर्शन करने आने वाले श्रद्धालुओं की भारी भीड़ यहां जुटी हुई है। अनुमान लगाया जा रहा है कि अब तक करीब एक लाख भक्त ओंकारेश्वर पहुंच चुके हैं, वहीं इस दौरान पूरी तीर्थ नगरी में सभी आश्रमों में गुरु पूजन और भंडारे आयोजित किए गए हैं, जिसका लाभ दूर दराज से यहां पहुंचने वाले श्रद्धालु उठा रहे हैं।
विज्ञापन


धार्मिक तीर्थ नगरी ओंकारेश्वर में रविवार को गुरु पूर्णिमा पर्व बड़े ही श्रद्धा भक्ति के साथ मनाया जा रहा है। इस दौरान सुबह 4 बजे भगवान ज्योतिर्लिंग ओंकारेश्वर की मंगला आरती की गई, जिसके बाद से ही भक्तों के लिए दर्शन व्यवस्था शुरू कर दी गई थी। हालांकि सुबह से लेकर खबर लिखे जाने तक भी भक्तों की लंबी कतारें दर्शन करने हेतु आतुर दिखाई दीं, तो वहीं माना जा रहा है कि शाम तक करीब एक लाख भक्त बाबा ओंकार के दर्शन का लाभ उठाएंगे। इस दौरान यहां पहुंचे भक्तों ने ओमकार पर्वत की परिक्रमा का भी लाभ लिया।

बता दें कि ओम आकर के पर्वत पर स्थित बाबा ओंकार के दर्शन करने सामान्य दिनों में ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं, तो वहीं शनिवार और रविवार को यह संख्या और अधिक बढ़ जाती है। लेकिन रविवार को गुरु पूर्णिमा पर्व के चलते यह संख्या सामान्य रविवार के मुकाबले भी करीब तीन गुना दिखाई दी है। हालांकि मंदिर प्रबंधन के साथ ही नगर पालिका का पूरा अमला और जिला प्रशासन की टीम इस दौरान यहां पहुंचने वाले भक्तों की व्यवस्था करते दिखाई दी। गुरु पूर्णिमा पर्व के चलते नगर में बाल मंडली ने भोलेनाथ की पालकी भी निकाली। इस दौरान भजन कीर्तन भी हुए। बता दें कि श्रावण मास के प्रथम सोमवार 22 जुलाई को ओंकारजी महाराज की प्रथम महासवारी भी निकाली जाएगी।
विज्ञापन


हालांकि रविवार को यहां पहुंचे भक्तों को नर्मदा मैया में स्नान करने में परेशानियां जरूर उठाना पड़ीं। श्रद्धालुओं की मानें तो यहां नर्मदाजी में जल स्तर कम होने के चलते स्नान करने में भक्तों को काफी दिक्कतें हुईं, और इस दौरान मंदिर के सामने तो नर्मदाजी किसी तालाब जैसी नजर आ रही थीं। इधर नगर के सन्यास आश्रम, मार्कण्डेय अन्नपूर्णा आश्रम, नमः शिवाय सेवा धाम, ओंकार मठ आश्रम, गायत्री मंदिर, पयहारी आश्रम के साथ ही सभी अखाड़ों एवं गुरु आश्रमों में गुरु एवम पादुका पूजन भी किया गया। इसके बाद यहां भंडारे और महाप्रसादी भी आयोजित किए गए।

इधर यहां पहुंचे श्रद्धालुओं की नगर में की गई व्यवस्थाओं को लेकर नगर पालिका प्रमुख संजय गीते ने बताया कि उनकी टीम द्वारा सभी प्रमुख घाटों की सफाई व्यवस्था करवाई गई है। साथ ही नगर के नालों की भी सफाई व्यवस्था करवाई गई है, और नगर में पार्किंग को लेकर भी विशेष व्यवस्थाएं की गई हैं, जिससे श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी ना हो। इस दौरान नगर में साफ सफाई का भी विशेष ध्यान रखा जा रहा है। तो वहीं मंदिर प्रबंधन की ओर से पुनासा एसडीएम शिवम प्रजापति ने बताया कि रविवार को सामान्य रविवार के मुकाबले तीन गुना अधिक भीड़ मंदिर में जुटी है, जिसको लेकर सभी तरह की व्यवस्थाएं चाक चौबंद हैं। इससे श्रद्धालुओं को दर्शन करने में किसी भी तरह की समस्याओं का सामना नहीं करना पड़ रहा है। साथ ही यहां के सभी घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था के माकूल इंतजाम किए गए हैं और पार्किंग को लेकर भी विशेष प्लान बनाया गया है।
विज्ञापन

 

ओंकारेश्वर मंदिर में गुरु पूर्णिमा पर उमडी भक्तों की भीड़।

 

नर्मदा नदी

 

पूरे समय चाकचौबंद रही व्यवस्था

 

और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें