खंडवा की कोतवाली पुलिस ने राजस्थान के हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्य प्रदेश के खंडवा जिले की कोतवाली पुलिस ने अवैध हथियारों के सप्लायरों को पकड़ने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने राजस्थान से आकर बुरहानपुर के खकनार थाना क्षेत्र से अवैध हथियार खरीद कर उन्हें ऊंची कीमत पर बेचने वाले दो हथियार तस्करों को गिरफ्तार किया है। इनके कब्जे से सात अवैध पिस्टल सहित 10 जिंदा कारतूस भी पुलिस ने जब्त किए हैं। दोनों बदमाश राजस्थान के पुराने हिस्ट्री शीटर भी हैं।
बता दें कि कोतवाली थाना प्रभारी बलराम राठौड़ को मुखबिर से सूचना मिली थी कि अवैध देशी पिस्टल के दो सप्लायर हथियार खरीदकर लेकर जाने वाले हैं। जिसके बाद कोतवाली थाना प्रभारी राठौड़ के नेतृत्व में टीम का गठन करते हुए मुखबिर द्वारा बताए स्थान पर घेराबंदी की गई। इसमें राजस्थान के दो युवा देराराम पिता आदूराम लेगा जाति जाट, निवासी ग्राम आरवा थाना सरवाणा, जिला जालौर और लक्ष्मण सिंह पिता राणाराम सारण जाति जाट निवासी ग्राम कैकड थाना सेडवा, जिला बाडमेर को पकड़ा गया। तलाशी में इनके बैग से पुलिस को 7 देशी पिस्टल सहित 10 जिन्दा कारतूस बरामद हुए। इसकी कीमत करीब तीन लाख बताई जा रही है।
हथियारों के दलाल सहित सिकलीगर भी बने आरोपी
पकड़े गए दोनों ही आरोपियों से कोतवाली थाना पुलिस ने जब सख्ती से पुछताछ की तो उन्होंने बताया कि बुरहानपुर जिले के खकनार क्षेत्र के रहने वाले एक दलाल श्रीधर महाजन से सम्पर्क कर आरोपियों ने इन हथियारों को रणवीर उर्फ रणिया सिकलीगर निवासी ग्राम पाचौरी, खकनार, बुरहानपुर से खरीदा है। जिसके बाद पुलिस ने बुरहानपुर के रहने वाले दलाल श्रीधर महाजन एवं रणवीर उर्फ रणिया सिकलीगर को भी इस मामले में आरोपी बनाया है। आरोपियों के खिलाफ थाना कोतवाली खंडवा में धारा 25 (1-बी) (ए), 25(1) (1बी) 7 (1) आर्म्स एक्ट में मामला दर्ज कर फिलहाल जांच की जा रही है। साथ ही आरोपियों को कोर्ट में पेश कर उनका रिमांड भी लेने की कोतवाली पुलिस तैयारी कर रही है, जिसके बाद पूछताछ में उनसे और भी बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
शातिर अपराधी हैं बदमाश
जानकारी के अनुसार पकड़े गए राजस्थान के हथियार तस्कर देराराम लेगा पर राजस्थान में धार्मिक भावनाओं का आहत करना, लूट-डकैती करना एवं अवैध हथियार रखना सहित आरोपी लक्ष्मण सिंह सारण पर अग्नैय शस्त्र के साथ हमला करना, डकैती करना जैसे कई गंभीर अपराध दर्ज हैं और ये दोनों ही आरोपी शातिर आदतन अपराधी हैं।