मध्य प्रदेश के खंडवा जिले के चार महत्वपूर्ण स्थलों को रेड फ्लाई जोन घोषित किया गया है। इसको लेकर बुधवार को जिला कलेक्टर कार्यालय से आदेश जारी हुए हैं। जिला कलेक्टर के इस आदेश के बाद अब जिले के इन चारों स्थानों पर बगैर परमिशन लिए ड्रोन कैमरे उड़ाने पर पूरी तरह से पाबंदी लगा दी गई है। यही नहीं कलेक्टर कार्यालय से निकले इस आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि कोई व्यक्ति इस आदेश का उल्लंघन करेगा, तो उसके खिलाफ ड्रोन नियम के साथ ही भारतीय न्याय संहिता की धाराओं में दंडात्मक कार्रवाई तक की जाएगी।
खंडवा कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी ऋषव गुप्ता ने पुलिस अधीक्षक कार्यालय से मिले एक प्रतिवेदन के आधार पर अब खंडवा जिले के चार प्रमुख स्थलों इंदिरा सागर बांध, ओंकारेश्वर सागर बांध, संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट एवं ओंकारेश्वर मंदिर, मांधाता की सुरक्षा को दृष्टिगत रखते हुए इन संवेदनशील क्षेत्रों को ड्रोन नियम, 2021 के तहत “रेड फ्लाई जोन” घोषित करने के आदेश जारी किए हैं। बता दें कि यह प्रतिबंधात्मक आदेश भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता की धारा 163 के तहत जारी किया गया है। यही नहीं, इस प्रतिबंधात्मक आदेश का उल्लंघन करने वाले व्यक्ति के विरुद्ध ड्रोन नियम, 2021 एवं भारतीय न्याय संहिता की धारा 223 के तहत दंडात्मक कार्रवाई किए जाने के भी आदेश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें-
16 साल के मासूम की डिजिटल दुनिया ने छीनी जिंदगी, गेम की हार बनी मौत की वजह
इसलिए महत्वपूर्ण हैं ये चारों स्थान
बता दें कि, इंदिरा सागर बांध एशिया की सबसे बड़ी परियोजना है, जिससे 1000 मेगावॉट की क्षमता से बिजली उत्पादन किया जाता है। तो वहीं ओंकारेश्वर सागर बांध भी जिले के पुनासा ब्लॉक में स्थित है जिसकी बिजली उत्पादन क्षमता 520 मेगावॉट की है। इसके साथ ही संत सिंगाजी थर्मल पावर प्लांट 2520 मेगावॉट क्षमता वाला कोयले से बिजली उत्पादन करने का प्रोजेक्ट है। इसके साथ ही ओंकारेश्वर मंदिर की गिनती देश के 12 ज्योतिर्लिंग में से चतुर्थ ज्योतिर्लिंग के रूप में की जाती है। जो कि देश दुनिया के लाखों श्रद्धालुओं की आस्था का केंद्र है और यहां प्रतिदिन लगभग 25 से लेकर 30 हजार तक श्रद्धालु दर्शन करने पहुंचते हैं। हालांकि यह संख्या शनिवार और रविवार को 50 हजार को पार कर जाती है तो वहीं विशेष पर्वों पर तो एक लाख से अधिक भक्त एक दिन में दर्शन करने यहां पहुंचते हैं।