बुजुर्ग दंपती से डिजिटल अरेस्ट के नाम पर हुई 50 लाख की ठगी
खंडवा जिले के पंधाना थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती को 13 दिन तक डिजिटल अरेस्ट रखकर 50 लाख रुपए की ठगी करने का बड़ा मामला सामने आया है। इस दौरान ठगों ने बुजुर्ग को कई बार बैंक भेजकर उनकी एफडी तुड़वाकर रकम निकलवा ली। यही नहीं, उन्हें ऑनलाइन ही 70 हजार रुपये लेकर जमानत भी दे दी गई। मामले का खुलासा तब हुआ, जब करीब 18 दिन बाद जन्माष्टमी पर बुजुर्ग महिला अपने भाई के घर गई। जहां भतीजे को सारी घटना बताई। इसके बाद परिजन ने साइबर हेल्पलाइन सहित पुलिस को मामले की शिकायत दर्ज कराई। घटना के बाद से अब तक बुजुर्ग डरे-सहमे दिखे, जिन्हें खंडवा पुलिस टीम सहित एसपी ने बैठाकर समझाइश दी।
खंडवा एसपी मनोज कुमार राय के अनुसार पीड़ित दंपती की पंधाना में बर्तनों की दुकान है। उनके बच्चे नहीं हैं, और घर में दोनों अकेले रहते हैं। उन्हें 18 जुलाई को किसी ने मुंबई के कोलंबा थाने से फोन करने का कहते हुए धमकाया, और किसी को कुछ भी बताने पर गिरफ्तार करने का कहा। उनके साथ ठगी कर ली। इसके बाद पहले 21 जुलाई को 30 लाख रुपये और फिर 25 जुलाई को 19 लाख 50 हजार की एफडी तुड़वाकर आरटीजीएस करवा लिया। इसके बाद 27 जुलाई को 50 हजार और 31 जुलाई को 20 हजार रु जमानत करवाने के नाम पर ले लिए। अब इस मामले की जांच सायबर सेल के साथ ही पुलिस की एक स्पेशल टीम कर रही है।
ये भी पढ़ें-
एक तरफा प्यार में पागल प्रेमी ने युवती को कार से रौंदकर दी खौफनाक मौत, मिलने नहीं आई तो लिया ऐसा बदला
वीडियो कॉल में दिखाया पूरा थाना
पीड़ित दंपती के अनुसार उन्हें ठगों ने पुलिस बनकर 18 जुलाई को फोन पर मुंबई के कोलाबा थाने से वीडियो कॉल किया, जिसमें पूरा थाना और पुलिस की वर्दी पहना स्टाफ दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि आपके इस नंबर से फर्जी तरीके से रुपयों का लेन-देन हुआ है। साथ ही यह नम्बर अपहरण, धोखाधड़ी और एक व्यक्ति की हत्या में भी इस्तेमाल हुआ है। इसकी जांच में आपको सहयोग करना होगा। अब आपको ना ही घर से बाहर निकलना है, और ना हमारे अलावा किसी का फोन उठाना है। इसके बाद एफडी तुड़वाने बैंक भेजा। वहीं बैंक में किसी को शक न हो, इसलिए उन्होंने हमसे कहा कि बैंक मैनेजर पूछे तो कहना प्रॉपर्टी खरीदी है, जिसके लिए पेंमेंट की जरूरत है।