मध्यप्रदेश के बुरहानपुर शहर में बुधवार सुबह से ही हंगामे की स्थिति रही। यहां दो अलग-अलग रैलियों में शामिल शहर के कई लोग मासूम बालिका के साथ पहले दुष्कर्म करने और फिर उसका गला घोंटकर मार डालने वाले हत्यारे को, फांसी दिए जाने के साथ ही, उसके घर पर बुलडोजर चलाने की मांग कर रहे थे। यहां पहुंचे कांग्रेस नेता अजय रघुवंशी की अगुवाई में पहुंचे हजारों लोगों के साथ ही एबीवीपी के कार्यकर्ता भी बड़ी संख्या में इस प्रदर्शन में शामिल हुए।
इस दौरान हत्यारे को फांसी दो के नारे लगाए जा रहे थे। तो वहीं लोगों की मांग थी कि मामले को फास्ट्रैक कोर्ट में चलाकर जल्द से जल्द उसके घर पर बुलडोजर चलाया जाए। इस दौरान पीड़िता के परिजन भी मौजूद रहे। हालांकि, जिला प्रशासन ने फिलहाल स्थिति को संभाल रखा है और आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का भरोसा जनता को दिया गया है।
बुरहानपुर नगर में बुधवार सुबह से ही मासूम बालिका के साथ दुष्कर्म और उसकी हत्या करने वाले हत्यारे को फांसी दिए जाने की मांग की जा रही है। सुबह लगभग 12 बजे से शहर के कई लोगों सहित जनप्रतिनिधि भी जिला कलेक्टर कार्यालय पहुंचे। जहां हत्यारे के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग को लेकर प्रदर्शन भी किया गया।
वहीं, इसके कुछ देर बाद ही एबीवीपी के कार्यकर्ता भी आरोपी को सख्त से सख्त सजा दिलाते हुए फांसी की मांग करने को लेकर संयुक्त कार्यालय पहुंचे थे। जहां रैली के रूप में पहुंचे लोगों ने एसडीएम को मुख्यमंत्री और राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। वहीं, इस दौरान लोगों की मांग थी कि या तो जिला प्रशासन फास्ट्रैक कोर्ट में मामला चलाते हुए उसे ऑन द स्पॉट फांसी की सजा दे, या उसे आम जनता के हवाले कर दिया जाए।
क्या अब महिलाएं इस देश में सुरक्षित नहीं
वहीं, धरना प्रदर्शन करने पहुंचीं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद की जिला सहसंयोजक ज्ञानेश्वरी ठाकुर ने कहा कि हम लोग अभी कलेक्टर ऑफिस पहुंचे हैं और हम लोग उस देश में रहते हैं, जहां पर स्त्री को देवी की तरह पूजा जाता है। इस देश में आज भी महिलाओं के साथ इस तरह की घटनाएं हो रही हैं, तो क्या हम महिलाएं इस देश में सुरक्षित नहीं हैं। अपराधी को घटना करने में आधे से एक घण्टा लगा और प्रशासन अभी भी उसके लिए सोच रहा है, साक्ष्य मजबूत कर रहा है। उसको फांसी की सजा देने के लिए तो आज यह शर्म की बात है कि हम ऐसे देश में रह रहे हैं, जहां महिलाएं सुरक्षित नहीं हैं।
आरोपी के घर पर चले बुलडोजर
एबीवीपी की ज्ञानेश्वरी ने कहा कि आज यह शर्म की बात है कि प्रशासन ऐसे अपराधी के लिए ऑन द स्पॉट स्ट्रिक्ट एक्शन क्यों नहीं ले रहा है। उन्होंने मांग की कि जिस आरोपी ने छह साल की बच्ची के साथ इस तरह की घटना किया है, उसे ऑन द स्पॉट फांसी मिलना चाहिए। क्योंकि यदि आज इस पर एक्शन नहीं लिया गया, तो आने वाले समय में कोई दूसरी मासूम बच्ची ऐसे अपराधियों का शिकार होगी। ऐसे लोगों के घरों पर बुलडोजर चलना चाहिए, क्योंकि आज अगर कड़ी कार्रवाई नहीं हुई तो कुछ दिन बाद वह बाहर आएगा और बाहर आकर फिर से इस तरह की घटना करेगा।
फास्ट्रैक में मामला चलाकर, की जाएगी कड़ी कार्रवाई
वहीं, एसडीएम पल्लवी पौराणिक ने कहा कि जो निर्लज्जता पूर्वक कृत्य किया गया है, उसकी जितनी निंदा की जाए कम है। यह बेहद गलत हुआ है और उस बच्ची के परिवार के साथ जिला प्रशासन की संवेदनाएं और सहानुभूति जुड़ी हुई हैं। पुलिस अपना काम कर रही है। उनके द्वारा बारीक से बारीक और छोटे से छोटे बिंदुओं की विवेचना की जाकर उन्हें जांच में लिया गया है।फास्ट्रैक में भी यह केस चलाया जा रहा है। इसके उपरांत भी जो भी नियमानुसार एक्शन लेना है, वह कठिन से कठिन एक्शन हम लेंगे। वहीं, बुलडोजर से आरोपी का मकान तोड़ने को लेकर उन्होंने कहा कि यह बात वरिष्ठ अधिकारियों के संज्ञान में आ चुकी है, उनसे निर्देश लेकर कड़ी से कड़ी कार्रवाई की जाएगी।