कांग्रेस विधायक विजयराघवेंद्र प्रताप सिंह।
- फोटो : अमर उजाला
कटनी जिले के बड़वारा से कांग्रेस विधायक विजयराघवेंद्र प्रताप उर्फ बसंत सिंह के लापता होने से हड़कंप मच गया था। परिजनों को सोमवार सुबह से उनकी कोई जानकारी नहीं थी। घर के लोगों ने उन्हें आस पास काफी खोजा लेकिन वह नहीं मिले, उनका फोन भी लगातार बंद आ रहा था, जिसके चलते परिजन परेशान थे। लिहाजा जब काफी देर तक उनकी कोई खोज-खबर नहीं मिली तो परिजन देर रात उनके गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंचे।
जानकारी के अनुसार विधायक अकेले ही घर से निकले थे और देर शाम तक उनका कुछ पता नहीं चला। देर रात उनके परिजनों ने बड़वारा थाना पहुंचकर गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई और बताया कि वे कल सुबह कहीं गए थे और अभी तक वापस नहीं आये। उनका मोबाइल भी स्विच ऑफ आ रहा है। विधायक के अचानक लापता होने की वजह से लोग अनहोनी की आशंका भी लगा रहे थे। हालांकि मंगलवार की सुबह उनकी लोकेशन छत्तीसगढ़ में मिली जिसके बाद परिजनों ने राहत की सांस ली।
पुलिस अधिकारियों सहित परिजनों ने भी उनसे संपर्क कर चर्चा की है। परिजनों ने बताया कि विधायक विजयराघवेंद्र प्रताप सिंह सुरक्षित हैं। वह छत्तीसगढ़ के बैकुंठपुर जिले के पटना में अपने एक रिश्तेदार के यहां थे। उन्होंने एक मंदिर में दर्शन करते हुए का एक वीडियो भी सोशल मीडिया में शेयर किया है।
बता दें कटनी जिले से विजयराघवेंद्र प्रताप सिंह कांग्रेस के इकलौते विधायक हैं। दो साल पहले अपने एक बयान को लेकर वे चर्चा में आए थे। उन्होंने मार्च 2020 में कहा था कि उनसे रात में कुछ लोग मिलने आए थे और मुझे 10 करोड़ रुपये का ऑफर दिया था।