Katni Crime: मध्यप्रदेश में कटनी जिले के कुठला में शुक्रवार शाम युवक को गोली मारकर लूट को अंजाम देने की वारदात फर्जी कहानी निकली। शनिवार को पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन ने पर्दाफाश कर दिया। दरअसल, जिस युवक को पेट में गोली लगी थी, वह किसी अपराधी ने नहीं मारी, बल्कि खेल-खेल में चली थी।
कटनी के कुठला थाना क्षेत्र में ट्रांसपोर्ट व्यवसायी सूरज पांडेय से अज्ञात लुटेरों द्वारा गोली मारने की घटना पर पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने आरोपी चाचा को हिरासत में लेते हुए देसी पिस्टल और मोबाइल सहित डीवीआर जप्त किया है।
विज्ञापन
पुलिस अधीक्षक अभिजीत कुमार रंजन ने पूरे मामले का खुलासा करते हुए बताया, शुक्रवार शाम कैलवारा कलां ग्राम के पास लूट की नियत से नकाबपोश बदमाशों द्वारा गोली चलाने का मामला पूरी तरह फर्जी था, जिसे खुद को बचाने और पुलिस को गुमराह करने के लिए रचा गया था। इसका खुलासा एक वीडियो से हुआ, जिसमें आरोपी चाचा देसी पिस्टल से स्टंटबाजी करते दिख रहा है। इसी दौरान पिस्टल से गोली चलते भी दिखाई दी। ये चंद मिनट का वीडियो कटनी पुलिस के लिए मानो वरदान साबित हुई।
क्या है मामला?
कुठला पुलिस को एक युवक जिसका नाम सूरज पांडे बताया गया, जिसके पेट में गोली लगने की जानकारी मिली। आनन-फानन में कुठला पुलिस हॉस्पिटल पहुंच युवक की हालत देखी। वहीं, घटना स्थल पर मौजूद चाचा गौरव पांडे से मामले की पूछताछ करने पर बताया कि बाइक सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने दो लाख रुपये लूट की नियत से गाड़ी रोकी थी। वहीं, पैसे देने से माना करने पर आरोपी गोली मारकर मौके से फरार हो गए। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो घटनाक्रम और स्थान मैच नहीं खा रहा था, जिसके बाद कड़ाई से पूछताछ पर चाचा ने जुर्म कबूल करते हुए बताया कि गोली उसी के द्वारा भूलवश चली है। घटना सतना जिले के अमदरा स्थित भैरवनाथ ट्रांसपोर्ट की बताई गई, जहां लगे सीसीटीवी कैमरे में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हो गया।
एसपी अभिजीत रंजन ने बताया कि पुलिस द्वारा आरोपी गौरव को हिरासत में लेकर सम्पूर्ण अस्पताल तहरीर जांच रिपोर्ट घटना स्थल सतना जिले के झुकेही पुलिस को वैधानिक कार्रवाई के लिए भेजी जा रही है। साथ ही गोलीकांड के सनसनीखेज मामले का चंद घंटे में पर्दाफाश करने के लिए कुठला थाना टीआई अरविंद जैन और उनकी टीम को पुरस्कृत करने की घोषणा की है।