‘आदिवासी वर्ग के साथ हमेशा से कांग्रेस सरकार खड़ी रही है और हमेशा रहेगी। आज देश में इतनी भाषाएं हैं, देवी देवताएं हैं, जाति हैं, धर्म हैं पर इतनी विभिन्नता होने के बाद भी देश की महानता है कि आज हम सब एक झंडे के नीचे खड़े हैं, यह कांग्रेस की ही देन है। मुझे नहीं पता कि मोदी जी कौन से स्कूल में पढ़े हैं, लेकिन वह स्कूल भी कांग्रेस की ही देन है। आज देश को कमजोर किया जा रहा है।‘
यह बात कमलनाथ ने गोंडवाना गणतंत्र पार्टी छोड़कर कांग्रेस पार्टी में आए पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का स्वागत कार्यक्रम में कही। उन्होंने कहा कि आज आदिवासी भाइयों पर अत्याचार हो रहा है, उनका शोषण हो रहा है। आदिवासियों पर अत्याचार के मामले में प्रदेश देश में नंबर वन पर है। शिवराज जी कहते हैं मैं किसान का बेटा हूं, पर प्रदेश किसानों की आत्महत्या में देश में नंबर वन पर है। प्रदेश महिला अपराध में नंबर वन पर है और ये आंकड़े किसी से छिपे नहीं हैं। आज बेरोजगारों, नौजवानों का भविष्य खतरे में है। आज आरक्षण के साथ खिलवाड़ किया जा रहा है। भाजपा आरक्षण खत्म कर देना चाहती है। भाजपा झूठ बोलने और लोगों को भ्रमित करने में माहिर है।
गोंगपा के राजाराम कुलझरिया एवं आज शामिल हुए गोडवाना गणतंत्र पार्टी के पदाधिकारियों ने कहा कि शिवराज सरकार में पटवारी काम नहीं कर रहा है, सरपंच काम नहीं कर रहा है, कोई काम नहीं करना चाहता है। नीचे से ऊपर तक मोदी सरकार पूरा निजीकरण करने की तैयारी कर रही है, कांग्रेस के जमाने में ऐसा नहीं था। भाजपा की सरकार हमें आपस में लड़ाने का काम कर रही है। हम प्रदेश के हर क्षेत्र में जाएंगे। गांव-गांव जाकर आदिवासी भाइयों को सच्चाई बताएंगे। आज हमारे बच्चे लिख-पढ़ नहीं पा रहे हैं, जबसे मामा की सरकार मध्यप्रदेश में आई है प्रदेश को बर्बाद कर दिया है। इस अवसर पर लक्ष्मण कौल, नरेन्द्र सिंह, जुमन मंसूरी, योगेश दुबे, दिवरीया उइके, पार्वती टांड़िया सहित सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण की।