पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शिवराज पर पलटवार किया है। विधानसभा से सोमवार को कमलनाथ के गैरहाजिर होने पर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने तंज कसा था। कमलनाथ ने कहा कि शिवराज चाहते हैं कि बैठकर उनकी झूठी घोषणाएं सुनें।
प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे कमलनाथ ने विधानसभा में उपस्थित नहीं रहने के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह के तंज कसने के सवाल पर जवाब देते हुए कहा कि मैं अभी छिंदवाड़ा से आ रहा हूं। यहां पर कार्यक्रम में शामिल होने आया हूं। मुझे बैठ कर उनका झूठ सुनना, नौटंकी देखना स्वीकार नहीं है। कमलनाथ ने कहा कि वे चाहते हैं कि मैं बैठ कर उनकी झूठी घोषणाएं सुनूं। बिजली बिल माफ करने और किसानों के कर्ज का ब्याज सरकार के भरने की घोषणा पर कमलनाथ ने कहा कि घोषणाएं वे 17 साल से कर रहे हैं। उन पर अमल हो तो बात हो।
कमलनाथ ने उमा भारती के शराबबंदी करने शराब दुकान पर पत्थर मारने के सवाल पर कहा कि यह उनका स्टाइल है। वो कैसे विरोध करें। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि क्या यह शोभा देता है। देश के पांच राज्यों में कांग्रेस की हार के सवाल पर कमलनाथ ने कहा कि चिंतन शिविर होगा। उनमें हम मंथन करेंगे, चिंतन करेंगे।