घर के बाहर खड़े जिला पंचायत कर्मचारी पर हमला
- फोटो : credit
शहर के बहारपुरा क्षेत्र में रविवार शाम जिला पंचायत कर्मचारी प्रहलाद राठौड़ पर हुए हमले ने इलाके में सनसनी फैला दी। तुलसी माता चौराहे के सामने घर के बाहर खड़े राठौड़ पर फालिए से वार किया गया। हमले में उनके गले पर गंभीर चोट आई, जिसके बाद जिला अस्पताल में चार टांके लगाने पड़े। प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें आगे के इलाज के लिए दाहोद ले जाया गया।
जानकारी के मुताबिक, शाम करीब 4 बजे प्रहलाद राठौड़ अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान ग्राम अरठी निवासी भुवान हेमला वहां पहुंचा। आरोप है कि नशे की हालत में उसने राठौड़ पर फालिए से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से घायल राठौड़ घर के भीतर चले गए। आवाज सुनकर परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे तथा उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया।
ये भी पढ़ें-
टाइगर श्रॉफ फायरिंग मामला: ऐसे पुलिस से बच रहा था आरोपी प्रांजल, होटल छोड़ भाई के अस्पताल में गुजारता था रात
हमले के पीछे क्या वजह?
घटना के बाद पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर जांच शुरू कर दी है। हालांकि, हमले के पीछे का कारण अभी स्पष्ट नहीं हुआ है। पुलिस घटनाक्रम और विवाद की वजह का पता लगाने में जुटी है।
अस्पताल पहुंचे समाजजन
घटना की जानकारी मिलते ही राठौड़ समाज के अध्यक्ष महेंद्र टवली सहित भरत वकील, रमेश चौधरी, दामोदर राठौड़, भीम सिंह राठौड़ और मनोज भागीरथ राठौड़ सहित समाजजन जिला अस्पताल पहुंचे। उन्होंने घायल प्रहलाद राठौड़ की कुशलक्षेम जानी। दिनदहाड़े घर के बाहर हुई इस वारदात के बाद क्षेत्र में घटना को लेकर चर्चा रही। अब पुलिस जांच में हमले की वजह और घटनाक्रम से जुड़े अन्य तथ्य सामने आने की उम्मीद है।