जबलपुर में छात्र ने की छात्र की हत्या
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर के स्कूल में कक्षा नौवीं तथा आठवीं में पढ़ने वाले छात्रों का विवाद जानलेवा साबित हुआ। विवाद के कारण आठवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्र ने कक्षा नौवीं के छात्र पर चाकू से हमला कर दिया। गंभीर अवस्था में छात्र को उपचार के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। आरोपी छात्र ने दो दिन पहले मोबाइल पर दूसरे छात्र को जान से मारने की धमकी दी थी।
एसडीओपी पाटन लोकेश डाबर के अनुसार ग्राम नटवारा स्थित दो अलग-अलग स्कूल में पढ़ने वाले कक्षा आठवीं तथा कक्षा नौवीं के छात्रों के बीच विवाद हो गया था। कक्षा आठवीं में पढ़ने वाले 15 वर्षीय छात्र ने कक्षा नौवीं में पढ़ने वाले छात्र रोहित प्रजापति को दो दिन पहले मोबाइल पर धमकी दी थी। मैसेज में कहा गया था कि बाप-बाप होता और बेटा-बेटा होता है। कक्षा आठवीं में पढ़ने छात्र ने मैसेज में जान से मारने की धमकी भी दी थी। पुलिस के मुताबिक प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दाे दिन पहले दोनों छात्रों के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। विवाद की सही वजह अभी साफ नहीं हो सकी है।
कक्षा नवमी में पढ़ने वाला छात्र गुरुवार की शाम स्कूल छूटने के बाद अपने घर जा रहा था। तभी रास्ते में कक्षा आठवीं में पढने वाले नाबालिग किशोर ने उसे रोका और चाकू से पेट पर हमला कर दिया। चाकू के हमले से किशोर सड़क पर गिरकर बेहोश हो गया। उसके गंभीर हालत में उपचार के लिए शासकीय मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती करवाया गया था। उपचार के दौरान शुक्रवार सुबह लगभग दस बजे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने सूचना मिलने पर मर्ग कायम कर लाश को पंचनामा कार्रवाई के बाद पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी किशोर को अभिरक्षा में लिया है।
एएसपी सूर्यकांत शर्मा ने बताया कि रोहित के पिता अशोक प्रजापति महाराष्ट्र में मजदूरी करते हैं। जबलपुर में वह चाचा-चाची के साथ रहता था। आरोपी छात्र पुलिस गिरफ्त में है। विवाद की मुख्य वजह का पता किया जा रहा है। घटना के बाद से आरोपी छात्र भी गुमसुम है। इधर, कलेक्टर के निर्देश पर शिक्षा विभाग और पुलिस की टीम मौके पर भेजी गई है।