लम्हेटाघाट में फंसे युवकों को बचाया गया।
- फोटो : अमर उजाला
जबलपुर के लम्हेटाघाट में फंसे चारों युवकों को सुरक्षित बचा लिया गया है। रविवार को चार युवक नर्मदा नदी के लम्हेटाघाट में मछली पकड़ने पहुंचे थे, इसी दौरान पानी के तेज बहाव के बीच वह एक टापू पर फंस गए थे। जान बचाने के लिए युवकों ने आसपास के लोगों को आवाज दी थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी थी। रविवार शाम से ही चारों युवकों को बचाने की कोशिश पुलिस प्रशासन कर रहा था, हालांकि तेज बहाव और अंधेरा होने के चलते चारों युवको को रविवार को निकाला नहीं जा सका था। सोमवार सुबह एनडीआरएफ की टीम ने चारों युवकों को सुरक्षित बचा लिया है। चारों ही युवक जबलपुर के रहने वाले हैं।
बताया जा रहा है कि चारों युवक घर से टिफिन लेकर लम्हेटाघाट की एक चट्टान पर लंच करने और मछली मारने पहुंंचे थे, इसी दौरान पानी के तेज सैलाब के बीच वह नदी के बीच फंस गए। मामले की सूचना प्रशासन को मिलने के बाद तत्काल उन्हें बचाने के लिए जिला प्रशासन, स्थानीय गोताखोर और SDRF की टीम मौके पर पहुंची थी। तेज बहाव के चलते रेस्क्यू में लगी नाव भी बह गई थी, जिसके बाद ड्रोन के जरिए चारों युवकों को लाइफ जैकेट और रस्सी भेजी गई थी। वहीं, सुरक्षित रेस्क्यू के बाद एक युवक ने बताया कि नदी के बीच रात में एक-एक पल काटना मुश्किल था, प्रशासन की पहल से हम सुरक्षित बच गए।