जबलपुर में ओमती थाना एरिया अंतर्गत रविवार रात लगभग 11.30 बजे दो समुदाय के बीच हिंसक टकराव हो गया। इस दौरान दोनों पक्षों के लोगों ने एक-दूसरे पर पथराव कर दिया। दोनों पक्षों की तरफ से लगभग एक घंटे तक पथराव किया गया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद पूरा क्षेत्र पुलिस छावनी में तब्दील हो गया था। आधा दर्जन थानों की पुलिस दल-बल के साथ उपस्थित थे।
ओमती थाने से प्राप्त जानकारी के अनुसार, कृष्णा सोनकर निवासी भरतीपुर तथा राहुल यादव निवासी उड़िया मोहल्ला के बीच विवाद चल रहा था। दोनों के बीच गत रात आपसी रंजिश के कारण झगड़ा हो गया था, जिसमें दोनों को चोट आई थी। विवाद की जानकारी मिलने पर दोनों पक्ष एकत्र हो गए और पथराव प्रारंभ कर दिया। दोनों पक्षों ने एक लगभग एक घंटे तक पत्थरबाजी की, जिससे सड़क पर खड़े कुछ वाहन क्षतिग्रस्त हो गए। पथराव की घटना में कोई घायल नहीं हुआ था।
घटना की सूचना मिलने पर ओमती पुलिस सहित आधा दर्जन थाने के बल पहुंच गया था। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल भी प्रयोग करना पड़ा। स्थिति को पूरी तरह से नियंत्रित करने में पुलिस को दो घंटो का समय लगा। पुलिस ने शिकायत पर दोनों पक्षों के लगभग 20-20 नामजद आरोपियों तथा अन्य के खिलाफ बलवा व मारपीट सहित अन्य धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है।