जबलपुर जिले में शराब के नशे में पहुंचे युवक ने अकेले रहने वाली बुआ दादी के घर पहुंचकर पांच सौ रुपये मांगे। बुआ दादी रिश्ते के नाती को दो सौ रुपये दे रही थी, जिससे नाराज होकर युवक ने गला दबाकर बुजुर्ग की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद उसका गला हंसिए से काट दिया। पुलिस ने अंधी हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए आरोपी नाती को गिरफ्तार कर लिया है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत शर्मा से प्राप्त जानकारी के अनुसार, सिहोरा थानान्तर्गत ग्राम पौड़ी निवासी बुट्टन बाई कोल उम्र 57 वर्ष घर में अकेले रहती थी। महिला के पति की मौत हो गई थी तथा बेटा ईंट-भट्टे में रहकर काम करता था। महिला का गला धारदार हथियार से काटकर उसकी हत्या की गई। महिला मजदूरी का कार्य कर भारण-पोषण करती थी। महिला की परिचित रोजाना की तरह एक मार्च को उसे लेने घर पहुंची थी। उसने देखा कि घर के अंदर महिला की रक्तरंजित लाश पड़ी हुई है। पुलिस ने सूचना मिलने पर हत्या का प्रकरण दर्ज कर प्रकरण को विवेचना में लिया था।
विवेदना के दौरान पुलिस को संतोष कोल पिता श्रवण कुमार उर्फ बसोरी कोल उम्र 27 साल निवासी ग्राम दोहतरा थाना मझौली के खिलाफ साक्ष्य मिले थे। इसके आधार पर पुलिस ने संदेही को पूछताछ के लिए अभिरक्षा में लिया। युवक ने पूछताछ के दौरान रिश्ते में उसकी बुआ दादी लगने वाली बुजुर्ग की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि वह शराब के नशे में 28 फरवरी की रात बुआ दादी के घर गया था।
वह बुआ दादी से पांच सौ रुपये मांग रहा था और वह दौ सौ रुपये दे रही थी। आवेश में आकर उसने बुआ दादी का गला दबा दिया। बुआ दादी के गिरने पर उसने हंसिए से उसका गला काट दिया। इसके बाद बुआ दादी के पास रखे 12 सौ रुपये लेकर भाग गया। युवक ने उक्त रुपये शराब पीने और मोटर साइकिल में पेट्रोल भरवाने में खर्च कर दिए। पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।