बालाघाट पुलिस ने ऑनलाइन ठगी करने वाले गिरोह के आठ सदस्यों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी गाजियाबाद से ठगी का काम संचालित कर रहे थे। गिरफ्तार किए गए आरोपी हरियाणा व उत्तर प्रदेश के निवासी हैं।
एसपी अभिषेक तिवारी के अनुसार मलाजखंड निवासी व्यक्ति ने शिकायत की थी। इसमें उन्होंने बताया कि अज्ञात लोगों ने उनकी लेप्स हो चुकी बीमा पॉलिसी की राशि दिलवाने के नाम पर उनके बैंक खाते की सम्पूर्ण जानकारी ली तथा ऑनलाइन माध्यम से 6 लाख 25 हजार रुपये खाते से निकाल लिए। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच की गई। जांच के दौरान पाया गया कि ऑनलाइन ठगी का कारोबार गाजियाबाद से संचालित हो रहा है। बालाघाट पुलिस ने गाजियाबाद पुलिस की मदद से रैकेट का भंडाफोड करते हुए गिरोह के सदस्यों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों के नाम मोहम्मद खुसरंग पिता मोहम्मद उर्फ़ कमरुल हसन (25 वर्ष) इंद्रापुरम-वसुंधरा जिला गाजियाबाद, जीतेन्द्र पिता रामलखन कुशवाहा (29 वर्ष) जिला गौतम बुद्धनगर उत्तरप्रदेश, रोहित उर्फ़ सहवारा पिता तुलसी राम आरव (29 वर्ष) आर्य नगर रोहतक हरियाणा, मुकेश पिता सोहन लाल सौरठ (28 वर्ष) ग्राम इंदौखा जिला नागौर राजस्थान, राहुल पिता सुभाष उपाध्याय (31 वर्ष) नोएडा वेस्ट जिला गौतमनगर नोएडा, लवकुश पिता देवेंद्र सिंह कुशवाह (21 वर्ष) जिला आगरा उत्तरप्रदेश, योगेंद्र पिता जैनेन्द राघव (25 वर्ष) दांदरी उत्तरप्रदेश व बाबू उर्फ़ कार्तिक पिता मेवाराम केवट (26 वर्ष) खोड़ा कॉलोनी गाजियाबाद बताए गए हैं।
आरोपियों के पास से लैपटॉप, कार्डलेस फोन, कीपैड तथा एंड्राइड मोबाइल फोन, स्विच-राउटर, एटीएम कार्ड, सिम कार्ड, बैंक पासबुक, चेकबुक, कैमरा, डायरी आदि के साथ आठ लाख रुपये नगद जब्त किए गए हैं। आरोपियों ने अन्य किन लोगों के साथ ठगी की है, इस संबंध में पूछताछ की जा रही है।