इंदौर ने स्वच्छता के मामले में तो पूरी दुनिया में अपना नाम कमा लिया है लेकिन अब इंदौरियों ने नए लक्ष्य बना लिए हैं। इनमें सबसे प्रमुख है स्वास्थ्य। हेल्थ आफ इंदौर प्रोजेक्ट (Health Of Indore) को इंदौर के लोग शुरू कर चुके हैं जिसका उद्देश्य है इंदौर के हर नागरिक को स्वस्थ रखना। इस प्रोजेक्ट में 13 साल के शौर्य ने एक चैटबॉट (Chatbot) बनाया है जो लोगों को बीमारियों पर सही सलाह देता है। आइए युवा दिवस (Yuva Diwas 2024) पर पढ़ते हैं शौर्य की कहानी...
कैसे मिली प्रेरणा
शौर्य के पिता सावन लड्ढा हेल्थ आफ इंदौर प्रोजेक्ट में प्रमुख भूमिका निभाते हैं। शौर्य ने बताया कि पिता हमेशा इंदौर के लोगों के स्वास्थ्य के विषय में बातें करते रहते थे। उनकी बातें सुनकर ही मुझे यह विचार आया कि क्यों न एक एेसा चैटबॉट बनाया जाए जो लोगों को बीमारियों पर तुरंत सही सलाह दे सके। इसके बाद मैंने इस पर काम शुरू किया।
कैसे काम करता है चैटबॉट
यह एक वाट्सएप नंबर 9229245678 है। इस पर बीमारियों से जुड़ा कोई भी सवाल पूछने पर यह तुरंत आपको जवाब देता है। इसे चैट जीपीटी से जोड़ा गया है। पेशेंट नंबर पर जांच रिपोर्ट भेजकर उससे संबंधित जानकारी भी ले सकते हैं।
निःशुल्क उपयोग कर सकते हैं
शौर्य कहते हैं कि इसमें डॉक्टर्स की भी सलाह लेकर और जानकारियां जोड़ी जा रही है। इसका उपयोग करने के लिए किसी भी तरह का शुल्क नहीं देना होगा। विश्व स्वास्थ्य संगठन का अनुमान है कि मेडिकल फील्ड में 2030 तक 9.9 मिलियन मेडिकल प्रोफेशनल की कमी का सामना करना पड़ेगा। ऐसे में सामान्य जिज्ञासाओं का समाधान चैटबॉट के माध्यम से हो सकेगा।
नया करने में मत डरिए
शौर्य ने कहा कि आज युवा इनोवेशन में जबरदस्त काम कर रहे हैं। मैं बस यही कहना चाहता हूं कि कुछ भी नया करने में मत डरिए। यदि आप पास हुए तो पूरी दुनिया आपके ऊपर गर्व करेगी और यदि आप फेल हुए तो आप उन गलतियों से कुछ नया सीखेंगे।